जबलपुर की क्राइम ब्रांच पुलिस ने अवैध कब्जे और बदमाशों को संरक्षण देने के आरोपी चंद्रशेखर चौबे को प्रयागराज से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक जबलपुर द्वारा आरोपी की गिरफ्तारी पर 3 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
आरोपी चंद्रशेखर चौबे अपने पुत्र कुख्यात बदमाश छोटू चौबे के साथ मिलकर जमीन पर कब्जा करने, डरा-धमकाकर अवैध निर्माण कराने और अपने गिरोह के शूटरों व गुर्गों को शरण देने का काम करता था। क्राइम ब्रांच की टीम ने पिछले महीने भूलन बस्ती स्थित एक अवैध मकान में दबिश देकर भारी मात्रा में अवैध हथियार और सामग्री जब्त की थी, जिसके बाद से आरोपी फरार चल रहा था।
जांच के दौरान खुलासा हुआ कि भूलन बस्ती स्थित खसरा नंबर 95 की जमीन पर आरोपी ने जबरन कब्जा कर अवैध पक्का मकान निर्मित कराया था। इस संबंध में वास्तविक भू-स्वामियों द्वारा थाना अपराध में शिकायत दर्ज कराई गई थी। वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में गठित क्राइम ब्रांच की विशेष टीम ने सूचना मिलने पर प्रयागराज में दबिश देकर आरोपी चंद्रशेखर चौबे को दबोच लिया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत कर विधिवत पुलिस रिमांड प्राप्त किया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
