सिवनी/खबर डिजिटल/राकेश यादव/ 11वें आयुर्वेद दिवस के तहत जिलेभर में स्वास्थ्य परीक्षण और जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस वर्ष आयुर्वेद दिवस की थीम “Ayurveda for a Healthier Tomorrow” रखी गई है।
शासकीय आयुर्वेद औषधालयों और आयुष्मान आरोग्य मंदिरों द्वारा विभिन्न स्कूलों और संस्थानों में स्वास्थ्य शिविर लगाए गए। विद्यार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें संतुलित आहार, दिनचर्या, ऋतुचर्या, स्वच्छता और स्वस्थ जीवनशैली की जानकारी दी गई।
गोरखपुर में विद्यार्थियों को आवश्यक औषधियों के साथ औषधीय पौधों की जानकारी दी गई, जबकि चक्की खमरिया में बच्चों का वजन और ऊंचाई मापी गई तथा सिकल सेल एनीमिया की दवाओं का वितरण किया गया।
हथनापुर में 75 लोगों का आयुर्वेदिक प्रकृति परीक्षण किया गया। वहीं वीरांगना रानी दुर्गावती बालिका छात्रावास में आयोजित स्वास्थ्य शिविर में 68 लाभार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।
सिहोरा में आंगनवाड़ी केंद्र पर बच्चों और महिलाओं को पोषण एवं दिनचर्या की जानकारी दी गई। बखारी में आशा कार्यकर्ताओं को गर्भिणी परिचर्या और महिला स्वास्थ्य से जुड़ी आयुर्वेदिक जानकारी दी गई।
कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और आयुर्वेद एवं योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए जागरूक किया गया।
