सिवनी/राकेश यादव/ मुख्यमंत्री जनविश्वास कार्यक्रम के दौरान दिघौरी में बंडोल थाना क्षेत्र की कुछ महिलाओं एवं ग्रामीणों ने गांव-गांव अवैध शराब बिक्री का मुद्दा प्रभारी मंत्री के सामने उठाया था। शिकायत पर प्रभारी मंत्री ने नाराजगी जताते हुए कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में बंडोल पुलिस ने क्षेत्र के ढाबों पर चेकिंग अभियान चलाकर चार अलग-अलग मामलों में कार्रवाई की है।
पुलिस के अनुसार 19 सितंबर को थाना प्रभारी बंडोल उप निरीक्षक मनोज जंघेला के नेतृत्व में पुलिस टीम ने थाना क्षेत्र के विभिन्न ढाबों की सघन जांच की। इस दौरान चार ढाबों पर कथित रूप से अवैध शराब बिक्री के मामले सामने आए।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों चंद्रकुमार मर्सकोले, जगन्नाथ प्रजापति, सुनील अहिरवार और गनाराम यादव को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से कुल 18 लीटर कच्ची एवं देशी शराब बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 2,980 रुपये बताई गई है।
पुलिस ने चारों मामलों में आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की है। पुलिस का कहना है कि अवैध शराब की बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
