इंदौर/सुनील बंशीवाल/खबर डिजिटल/ मध्य प्रदेश के इंदौर से दुखद खबर सामने आई है। भाजपा नेता नंदी मीणा के 25 वर्षीय बेटे नमन मीणा का ब्रेन हेमरेज के चलते निधन हो गया। नमन सोशल मीडिया पर काफी लोकप्रिय थे और इंस्टाग्राम पर उनके लाखों फॉलोअर्स थे। युवा उम्र में हुई इस मौत की खबर से परिवार, परिचितों और उनके सोशल मीडिया फॉलोअर्स के बीच शोक की लहर है।
नस में निकला ब्लॉकेज
बताया जा रहा है कि करीब पांच दिन पहले नमन को अचानक सिर में तेज दर्द हुआ था। शुरुआत में उन्होंने इसे सामान्य सिरदर्द और गैस-एसिडिटी की समस्या समझा। जब दवा लेने के बाद भी दर्द में राहत नहीं मिली तो उनके पिता उन्हें चिकित्सक के पास लेकर पहुंचे। जांच में सिर की एक नस में ब्लॉकेज होने की जानकारी सामने आई।
सिरदर्द को सामान्य समझना पड़ा भारी
परिजनों के मुताबिक, डॉक्टरों ने नमन की स्थिति को देखते हुए उपचार शुरू किया और ऑपरेशन किया गया। इस दौरान उन्हें करीब दस बोतल ब्लड चढ़ाया गया। ऑपरेशन के बाद नमन की हालत में सुधार बताया जा रहा था और वह सामान्य महसूस कर रहे थे। हालांकि, इसके कुछ समय बाद अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और उन्हें ब्रेन हेमरेज हो गया। इलाज के दौरान नमन ने दम तोड़ दिया।
BJP News: बीजेपी ने की बड़े और महत्वपूर्ण पद पर नियुक्ति… शिवराज सिंह डाबी को मिली कमान
कम उम्र में ब्रेन हेमरेज और हार्ट अटैक के मामले चिंता का विषय
युवाओं में कम उम्र में गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं के मामले लगातार चर्चा में हैं। इंदौर में नमन की मौत ने एक बार फिर इस बात की ओर ध्यान खींचा है कि अचानक होने वाले सिरदर्द या अन्य असामान्य लक्षणों को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए। हालांकि, किसी व्यक्ति में ब्रेन हेमरेज के कारण का निर्धारण चिकित्सकीय जांच के आधार पर ही किया जा सकता है।
25 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स वाला चर्चित चेहरा थे नमन
नमन मीणा सोशल मीडिया पर इंदौर के चर्चित युवा चेहरों में शामिल थे। इंस्टाग्राम पर उनके फॉलोअर्स की संख्या करीब 25 लाख बताई जा रही है। उनके निधन की खबर सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर उनके चाहने वालों को शुरुआत में इस पर विश्वास नहीं हुआ। बाद में जब उनके पिता की ओर से अंतिम यात्रा से संबंधित पोस्ट साझा की गई, तब फॉलोअर्स को घटना की गंभीरता का पता चला।
अंतिम विदाई देने बड़ी संख्या में पहुंचे युवा
नमन की अंतिम यात्रा में उनके परिचितों के साथ बड़ी संख्या में सोशल मीडिया से जुड़े युवा भी शामिल हुए। अपने चहेते सोशल मीडिया क्रिएटर को अंतिम विदाई देने पहुंचे युवाओं की संख्या को देखते हुए श्रद्धांजलि सभा के लिए भी विशेष व्यवस्था की गई है। बताया गया है कि आज शाम 5 बजे से 6:30 बजे तक रॉबर्ट चौराहे के पास स्थित महक वाटिका में शोक बैठक आयोजित की जाएगी। यहां नमन को श्रद्धांजलि देने के लिए बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है।
क्या दतिया में फिर होंगे उपचुनाव? कांग्रेस विधायक घनश्याम सिंह के खिलाफ हाईकोर्ट में याचिका दायर
