भोपाल/सुनील बंशीवाल/खबर डिजिटल/ इंदौर में राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के बाद मध्यप्रदेश की सियासत में बयानबाजी तेज हो गई है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कार्यक्रम में उठाए गए मुद्दों को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए लाड़ली बहना योजना और शिक्षा व्यवस्था को लेकर सरकार का पक्ष रखा।
करोड़ों रुपये की राशि का वितरण
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस लाड़ली बहना योजना को बंद कराने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार लगातार महिलाओं के बैंक खातों में हर महीने सहायता राशि भेज रही है। यादव के मुताबिक, इस योजना के तहत अब तक करीब 55 हजार करोड़ रुपये की राशि वितरित की जा चुकी है।
लाड़ली बहना योजना पर CM का कांग्रेस पर आरोप
मोहन यादव ने कहा कि सरकार महिलाओं के हित में संचालित योजनाओं को जारी रखने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि एक तरफ भाजपा सरकार महिलाओं के खातों में आर्थिक सहायता पहुंचा रही है, वहीं कांग्रेस योजना को लेकर न्यायालय का रुख कर रही है।
राहुल गांधी के शिक्षा के सवालों पर भी दिया जवाब
राहुल गांधी द्वारा इंदौर में शिक्षा व्यवस्था को लेकर उठाए गए सवालों पर मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल की तुलना में मौजूदा समय में स्कूल छोड़ने वाले बच्चों की स्थिति में सुधार हुआ है। यादव ने दावा किया कि कांग्रेस के कार्यकाल में ड्रॉपआउट की संख्या अधिक थी, जबकि उनकी सरकार में यह दर शून्य तक पहुंच गई है। मुख्यमंत्री ने स्कूली शिक्षा के बजट में बढ़ोतरी का भी दावा किया। उन्होंने कहा कि सरकार शिक्षा के क्षेत्र में संसाधन बढ़ाने के साथ विद्यार्थियों के लिए जरूरी सुविधाओं पर भी काम कर रही है।
राहुल गांधी ने सरकारी स्कूल और छात्रवृत्ति पर उठाए थे सवाल
वहीं, इंदौर में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में राहुल गांधी ने शिक्षा व्यवस्था से जुड़े विभिन्न मुद्दे उठाए थे। उन्होंने सरकारी स्कूलों की स्थिति, विद्यार्थियों को मिलने वाली छात्रवृत्ति और शिक्षा से जुड़े खर्च को लेकर केंद्र और राज्य सरकार पर सवाल किए थे।राहुल गांधी के इन आरोपों के बाद मुख्यमंत्री मोहन यादव का बयान सामने आया है। दोनों नेताओं के बयानों के बीच मध्यप्रदेश में शिक्षा और लाड़ली बहना योजना को लेकर राजनीतिक बहस तेज हो गई है।
