मुंबई: जेएसडब्ल्यू सीमेंट ने वित्त वर्ष 2027 की दूसरी तिमाही में सालाना आधार पर समेकित शुद्ध मुनाफे में 3 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की। यह बढ़कर 77.63 करोड़ रुपये हो गया। वहीं, परिचालन से होने वाला राजस्व 33.1 प्रतिशत बढ़कर 1,912.15 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। कंपनी की कुल बिक्री मात्रा 26 प्रतिशत बढ़कर 39.3 लाख टन हो गई। इस वृद्धि में सीमेंट की मजबूत मांग, ग्राउंड ग्रेन्युलेटेड ब्लास्ट फर्नेस स्लैग (जीजीबीएस) की बिक्री में बढ़ोतरी और उत्तरी क्षेत्र में कारोबार के विस्तार का अहम योगदान रहा। सीमेंट की बिक्री मात्रा 39 प्रतिशत बढ़कर 22.9 लाख टन हो गई, जबकि जीजीबीएस की बिक्री मात्रा सात प्रतिशत बढ़कर 14.7 लाख टन रही। वित्त वर्ष 2027 की पहली छमाही में कंपनी की कुल समेकित आय 28.2 प्रतिशत बढ़कर 3,899.49 करोड़ रुपये हो गई। इस दौरान कुल बिक्री मात्रा 20 प्रतिशत बढ़कर 77.3 लाख टन रही। 30 सितंबर 2026 तक कंपनी पर शुद्ध कर्ज 4,287 करोड़ रुपये था।
कंपनी के निदेशक मंडल ने दो संयंत्रों में कुल 40 लाख टन सालाना उत्पादन क्षमता बढ़ाने की मंजूरी दी है। इसके तहत कर्नाटक के विजयनगर संयंत्र में मौजूदा 60 लाख टन सालाना क्षमता के साथ 20 लाख टन सालाना क्षमता वाली जीजीबीएस ग्राइंडिंग प्रणाली स्थापित की जाएगी। वहीं, महाराष्ट्र के डोलवी संयंत्र में 20 लाख टन सालाना क्षमता वाली एक अतिरिक्त ग्राइंडिंग मिल लगाई जाएगी। इससे यहां सीमेंट की ग्राइंडिंग क्षमता 45 लाख टन से बढ़कर 65 लाख टन सालाना हो जाएगी। कंपनी के मुताबिक, इस क्षमता विस्तार का उद्देश्य उत्पादन क्षमताओं को मजबूत करना और भविष्य में कारोबार की वृद्धि को समर्थन देना है।
