Tuesday, November 3, 2026
Homeमध्यप्रदेशदीपावली से ठीक पहले महंगाई का बड़ा झटका! 19 किलो वाला कमर्शियल...

दीपावली से ठीक पहले महंगाई का बड़ा झटका! 19 किलो वाला कमर्शियल गैस सिलेंडर हुआ महंगा, चेक करें नए रेट

दीपावली के त्योहार से ठीक पहले आम लोगों और व्यापारियों की जेब पर महंगाई की नई मार पड़ी है. 1 नवंबर से देश के अलग-अलग हिस्सों में 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की दरें बढ़ा दी गई हैं. राहत की बात यह है कि घर के किचन में इस्तेमाल होने वाले 14.2 किलो वाले रसोई गैस सिलेंडर की दरों में कोई फेरबदल नहीं किया गया है, जिससे घरेलू बजट पर इसका अतिरिक्त असर नहीं पड़ेगा. इससे पहले अक्टूबर की शुरुआत में भी 19 किलो वाले कमर्शियल सिलेंडर की कीमत में बढ़ोतरी देखने को मिली थी.

राजधानी दिल्ली में कमर्शियल सिलेंडर की नई कीमत अब 2,820 रुपये हो गई है, जो पहले 2,810 रुपये थी. वहीं, घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत बिना किसी बदलाव के 942 रुपये बनी हुई है.

देश के अन्य बड़े शहरों में भी कमर्शियल सिलेंडर महंगा हुआ है. चेन्नई में इसके दाम 11.50 रुपये बढ़कर 2,994.50 रुपये हो गए हैं, जबकि यहां 14.2 किलो वाला सिलेंडर 957.50 रुपये में ही मिलेगा. गुजरात के अहमदाबाद शहर में कमर्शियल गैस 10.50 रुपये महंगी होकर 2,842 रुपये की दर पर पहुंच गई है, जहां घरेलू सिलेंडर की कीमत 949 रुपये तय है.

इसके अलावा मुंबई में व्यावसायिक सिलेंडर 2,764 रुपये और घरेलू सिलेंडर 941.50 रुपये में बिक रहा है. बिहार की राजधानी पटना में कारोबारियों को कमर्शियल सिलेंडर के लिए 3,132 रुपये चुकाने होंगे, जबकि वहां घरेलू सिलेंडर 1,040 रुपये का है. उत्तर प्रदेश के लखनऊ में कमर्शियल एलपीजी 2,942 रुपये और घरेलू रसोई गैस 979.50 रुपये पर स्थिर है. पूर्वोत्तर के शिलांग में कमर्शियल सिलेंडर का भाव 3,091 रुपये और घरेलू एलपीजी 1,007.50 रुपये है.

19 किलोग्राम वाले सिलेंडर महंगे होने से होटल, ढाबे, कैटरिंग व्यवसाय और रेस्टोरेंट चलाने वाले कारोबारियों की लागत बढ़ जाएगी. इन जगहों पर रोजाना बड़े पैमाने पर कमर्शियल गैस की खपत होती है. हालांकि बाहर मिलने वाले खाने-पीने की चीजों के दाम तुरंत बढ़ेंगे या नहीं, यह कारोबारियों की अपनी व्यवस्था और बाजार की स्थिति पर निर्भर करेगा.

सम्बंधित ख़बरें

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

लेटेस्ट