गुरुग्राम। भारत की अग्रणी सोलर मॉड्यूल निर्माण कंपनियों में शामिल सात्विक ग्रीन एनर्जी लिमिटेड (SGEL) ने स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में अपनी 10वीं वर्षगांठ का जश्न मनाया। कंपनी की स्थापना 29 मई 2015 को हुई थी और इन वर्षों में SGEL ने खुद को देश और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में एक भरोसेमंद ब्रांड के रूप में स्थापित किया है।
SGEL ने शुरुआत एक प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के रूप में की थी, जिसे बाद में सार्वजनिक लिमिटेड कंपनी में परिवर्तित किया गया। बोर्ड और शेयरधारकों की मंजूरी के बाद सितंबर 2024 में इसका नाम बदलकर “सात्विक ग्रीन एनर्जी लिमिटेड” कर दिया गया।
अब तक 2 गीगावॉट से अधिक मॉड्यूल की आपूर्ति
कंपनी ने अब तक भारत और वैश्विक बाजारों में 2 गीगावॉट से ज्यादा हाई-एफिशिएंसी सोलर पीवी मॉड्यूल्स की आपूर्ति की है। EPC से लेकर ऑपरेशंस एंड मेंटेनेंस तक की सेवाओं में भी SGEL अग्रणी बनी हुई है। FY24 में कंपनी की EPC स्थापित क्षमता 69.12 मेगावॉट रही।
विनिर्माण विस्तार की बड़ी योजनाएं
SGEL के सीईओ प्रशांत माथुर ने बताया कि कंपनी ओडिशा में 4.80 गीगावॉट सेल और 4.00 गीगावॉट मॉड्यूल उत्पादन क्षमता वाला संयंत्र स्थापित करने जा रही है। मॉड्यूल यूनिट FY26 तक और सेल यूनिट FY27 तक चालू होने की उम्मीद है। इसके अलावा मध्य प्रदेश के मोहासा-बाबई में इंगॉट्स, सेल्स और वेफर्स निर्माण के लिए भी प्लांट लगाने की योजना है।
देशव्यापी डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क को विस्तार
मैनेजिंग डायरेक्टर माणिक गर्ग ने बताया कि कंपनी राजस्थान, महाराष्ट्र, केरल और मध्य प्रदेश जैसे राज्यों में रीजनल वेयरहाउस स्थापित कर चुकी है और अब टियर-2 और टियर-3 शहरों तक डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क को बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है।
कंपनी के चेयरमैन नीलेश गर्ग ने कहा, “हमारा लक्ष्य है कि हम किफायती और नवोन्मेषी सोलर समाधान देकर अधिक से अधिक बाजारों तक पहुंच बनाएं। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी मौजूदगी को मजबूती देना हमारी प्राथमिकता है।”
तेजी से बढ़ता कारोबार और राजस्व
SGEL ने 2016 में अपने विनिर्माण कार्य शुरू किए थे और अब इसकी वार्षिक स्थापित क्षमता 3.80 गीगावॉट तक पहुंच चुकी है, जो FY25 के अंत तक हो जाएगी। वहीं ऑपरेशनल रेवेन्यू FY22 में ₹4,799 मिलियन से बढ़कर FY24 में ₹10,879 मिलियन तक पहुंच गया। कंपनी का EBITDA भी FY22 के ₹147.66 मिलियन से FY24 में ₹1,568.44 मिलियन हो गया है।
अंबाला में भारत की सबसे बड़ी संयंत्रों में से एक
SGEL वर्तमान में अंबाला (हरियाणा) में तीन मॉड्यूल निर्माण इकाइयां संचालित करता है, जो संयुक्त रूप से 724,225 वर्ग फीट में फैली हैं। कंपनी यहां FY26 की पहली तिमाही तक 1 गीगावॉट की अतिरिक्त क्षमता जोड़ने जा रही है, जिससे कुल स्थापित क्षमता 4.80 गीगावॉट हो जाएगी।


