भोपाल। “मध्य प्रदेश के प्रमुख राजनीतिक दलों के मीडिया प्रबंधन का विश्लेषणात्मक अध्ययन” विषय पर एलएनसीटी विश्वविद्यालय, भोपाल के शोधार्थी योगेश पटेल द्वारा किए गए हालिया शोध से स्पष्ट होता है कि डिजिटल और पारंपरिक मीडिया, विशेष रूप से राजनीतिक अभियानों के संदर्भ में, युवाओं की सोच और लोकतांत्रिक सहभागिता को दिशा देने में निर्णायक भूमिका निभा रहे हैं।
प्रो. (डॉ.) अनु श्रीवास्तव के निर्देशन में संपन्न इस शोध में यह सुझाया गया है कि पारदर्शिता, नैतिक प्रचार और संवाद की प्रभावशीलता लोकतंत्र को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाती है। यह अध्ययन विशेष रूप से युवाओं की राजनीतिक समझ, मीडिया की भूमिका और सामाजिक प्रभावों को समझने का महत्वपूर्ण प्रयास है।
जल्द ही इस शोध कार्य को एक पुस्तक के रूप में आम पाठकों, पत्रकारिता एवं राजनीति विज्ञान के विद्यार्थियों और शोधकर्ताओं के लिए प्रकाशित किया जाएगा, जो अध्ययन, शोध एवं नीति-निर्धारण की दृष्टि से अत्यंत सहायक सिद्ध होगी। साथ ही भविष्य में इस शोध को और विस्तारित करने की दिशा में भी कार्य किया जाएगा।
इस अवसर पर शोधकर्ता को पीआरएसआई के वरिष्ठों, रवींद्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय के वरिष्ठ एवं सहयोगियों के साथ ही माखनलाल राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय के उनके शिक्षकों ने इस शैक्षणिक उपलब्धि पर शुभकामनाएं दीं।
यह शोध “An Analytical Study on Media Management of Major Political Parties of Madhya Pradesh” विषय पर शोधार्थी श्री योगेश पटेल द्वारा किया गया है, जो वर्तमान में रवींद्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय, भोपाल में सहायक प्राध्यापक के रूप में कार्यरत हैं एवं पीआरएसआई भोपाल चैप्टर के संयुक्त सचिव भी हैं।


