भोपाल/ खबर डिजिटल/ मध्यप्रदेश में कांग्रेस के जिलाध्यक्षों की नई सूची सामने आते ही कांग्रेस में एक बार फिर आक्रोश पैदा हो गया है। इस बार राजधानी भोपाल में कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। नए जिलाध्यक्ष की नियुक्ति के विरोध में पूर्व जिला अध्यक्ष मोनू सक्सेना समेत कई कांग्रेस कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए हैं।
पूर्व जिलाध्यक्ष मोनू सक्सेना ने हाल ही में जारी की गयी जिलाध्यक्षों की सूची को लेकर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी को खून से पत्र लिखा है। राजधानी भोपाल में राजीव गांधी की जयंती पर राजीव गांधी की प्रतिमा के नीचे राजीव गांधी को खून से तिलक कर पत्र लिखा।
मोनू सक्सेना का आरोप है कि भोपाल में कांग्रेस ने ऐसे व्यक्ति को जिलाध्यक्ष नियुक्त किया है, जो कभी व्यापम घोटाले का आरोपी रहा है। सक्सेना ने इस नियुक्ति को पार्टी के सिद्धांतों के खिलाफ बताते हुए राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और प्रियंका गांधी वाड्रा को खून से लिखा गया पत्र ईमेल के जरिए भेजने की बात कही है।