मेघनगर, नावेद रजा/ खबर डिजीटल/ इंडस्ट्रियल एरिया स्थित फार्म केमिकल फैक्ट्री में रविवार सुबह अफरातफरी मच गई, जब अचानक चिलर से धुआं उठता दिखा और देखते ही देखते आग भड़क उठी। कुछ ही मिनटों में पूरा परिसर धुएं से भर गया और आसमान में काले गुबार छा गए। इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और जान की बाजी लगाकर आग बुझाने में जुट गई। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इस दौरान टीम ने साहस दिखाते हुए फैक्ट्री से केमिकल ड्रम बाहर निकालकर एक बड़ा हादसा होने से टाल दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही तहसीलदार पलकश परमार, सीएमओ राहुल वर्मा और टीआई के.एल. बरकड़े फैक्ट्री पहुंचे और हालात का जायजा लिया। अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
ड्रग्स जब्ती वाली वही फैक्ट्री फिर सुर्खियों में
गौर करने वाली बात यह है कि यही वही फैक्ट्री है, जहां कुछ महीने पहले 165 करोड़ रुपये की ड्रग्स जब्त हुई थी। उस समय यह मामला सुर्खियों में छाया रहा था और अब अचानक आग लगने से फिर कई सवाल खड़े हो गए हैं। आग लगने के कारणों का अभी खुलासा नहीं हो सका है। प्रशासन और पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।


