अमेठी, खबर डिजिटल। मुसाफिरखाना थाना क्षेत्र के मानशाहपुर गांव में स्थित प्राचीन शिव मंदिर में हुई चोरी की घटना का मामला सामने आया है। चोरी की घटना क्षेत्र बीती रात को हुई। अज्ञात चोर मंदिर में घुसे और शिवलिंग व अर्घे पर चढ़ी चांदी की परत उखाड़ ले गए। सुबह जब श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे तो यह चांदी की परत गायब देखकर स्तब्ध रह गए। यह जानकारी गांव वालों को मिलते ही लोग भारी संख्या में मंदिर पर जुट गए।
चोरी की घटना मामले में मुसाफिरखाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच-पड़ताल शुरू कर दी। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आसपास के इलाकों में तलाशी की जा रही है।

वहीं, ग्रामीणों का कहना है कि यह पहली बार नहीं हुआ है, इसके पहले भी इसी गांव में हथियार के बल पर एक महिला से लूट की वारदात हुई थी। लगातार आपराधिक घटनाओं से ग्रामीणों में डर का माहौल बना हुआ है।
गांव के बुजुर्गों का कहना है कि मानशाहपुर का यह शिव मंदिर सैकड़ों वर्षों से धार्मिक आस्था का केंद्र रहा है। यहां दूर-दराज के गांवों से श्रद्धालु पूजा करने आते हैं। ऐसे पवित्र स्थल पर चोरी होना प्रशासन और पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है।
स्थानीय लोगों ने मांग करते हुए कहा कि मंदिरों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए, रात में गश्त बढ़ाई जाए और चोरों को जल्द गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाए। ग्रामीणों का कहना है कि यदि पुलिस प्रशासन ने इस पर गंभीरता नहीं दिखाई तो वे धरने पर बैठने के लिए मजबूर होंगे।
पुलिस अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि घटना में शामिल आरोपियों की जल्द पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। वहीं, क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा करने का आश्वासन दिया है। चोरी की घटना के बाद ग्रामीणों में पुलिस प्रशासन को लेकर गुस्सा जाहिर किया।
