रीवा/ अरविंद तिवारी/ खबर डिजिटल/ जमीन का नक्शा तरमीम करवाने लोक सेवक ने अन्नदाता से मांगी 2000 की रिश्वत, लोकायुक्त पुलिस ने रायपुर कर्चुलियान में पदस्थ लिपिक को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
लोक सेवक अपने पद की गरिमा ही खोते जा रहे हैं। अन्नदाताओं को चंद रुपयों के लिए परेशान करते हैं। एक किसान इतना परेशान हुआ कि वह लोकायुक्त की शरण में पहुंच गया। लोकायुक्त ने शिकायत के बाद एक्शन लिया और नायब तहसीलदार के रीडर को 2 हजार लेते रंगे हाथ धरदबोचा है।
रीडर पर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया है। बताया जा रहा है कि चंद्रकांत पाण्डेय पिता रामावतार पाण्डेय उम्र 48 वर्ष निवासी सिरखिरी पोस्ट रामनई थाना रायपुर कर्चुलियान ने रीवा लोकायुक्त के पास एक शिकायत की थी।
शिकायत में पीड़ित किसान ने बताया कि नायब तहसीलदार वृत्त पहाडिय़ा में पदस्थ बाबू देवेन्द्र साकेत उनसे जमीन के नक्शा तरमीम के लिए 2 हजार रुपयों की मांग कर रहा है। शिकायत मिलने के बाद एसपी लोकायुक्त ने शिकायत की तस्दीक कराई। शिकायत तस्दीक में सही निकली। इसके बाद बाबू को ट्रैप करने की योजना तैयार की गई।
रीवा पुलिस अधीक्षक लोकायुक्त पी सुनील कुमार पाटीदार के नेतृत्व में टीम को तैयार किया गया और रुपए लेकर पीडि़त को बाबू के पास भेजा गया। जैसे ही बाबू ने नायब तहसीलदार कार्यालय में 2 हजार रुपए लिए वैसे ही टीम ने रंगेहाथ धरदबोचा। बाबू के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।


