भोपाल/ खबर डिजिटल/ इंदौर एमवाय अस्पताल में नवजात शिशुओं की मौत की घटना पर मुख्यमंत्री ने गहरी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि “सरकार किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं करेगी।”
मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य मंत्री, प्रमुख सचिव स्वास्थ्य और कलेक्टर को इस मामले की उच्च स्तरीय जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए स्थाई समाधान निकाला जाएगा।
डोल-ग्यारस की शुभकामनाएं दीं
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इंदौर प्रवास के दौरान प्रदेशवासियों को डोल-ग्यारस की शुभकामनाएं दीं और धार जिले के बदनावर में स्थापित होने वाले पीएम मित्रा पार्क को मालवा-निमाड़ क्षेत्र के किसानों और व्यवसायियों के लिए बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि यह पार्क प्रदेश की अर्थव्यवस्था और कपास उत्पादक क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक साबित होगा।
पीएम मित्रा पार्क बनेगा रोजगार का केंद्र
सीएम डॉ. यादव ने जानकारी दी कि 2 हजार एकड़ में बन रहा यह मेगा प्रोजेक्ट प्रत्यक्ष रूप से एक लाख और अप्रत्यक्ष रूप से दो लाख रोजगार सृजित करेगा। इससे धार, झाबुआ, बड़वानी, खरगोन, खंडवा सहित पूरे जनजातीय अंचल को बड़ा लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की यह महत्वाकांक्षी योजना मध्यप्रदेश ने सबसे तेज़ी से आगे बढ़ाई है और अब देश-दुनिया के उद्यमी यहां निवेश करेंगे।
सीएम ने कहा कि “हमारा समय अब लौट रहा है, चारों ओर कारखानों की बयार आ रही है। पीएम मित्रा पार्क से स्थानीय युवाओं, किसानों और मजदूरों का भविष्य सुरक्षित होगा।”


