खबर डिजिटल. अंकित झारिया. कटनी:- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का 18 सितम्बर, गुरुवार को कटनी जिले की विधानसभा बड़वारा आगमन प्रस्तावित है। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
कलेक्टर आशीष तिवारी और पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने बुधवार की शाम बड़वारा पहुंचकर कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने मंच, सेवा पखवाड़ा प्रदर्शनी स्थल और संदीपनि विद्यालय के कक्षों का जायजा लेकर अधिकारियों को व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रखने के निर्देश दिए।
कलेक्टर तिवारी ने हेलीपैड का भी निरीक्षण कर वहां की सुरक्षा एवं पार्किंग व्यवस्था का आकलन किया। उन्होंने सेवा पखवाड़ा अभियान अंतर्गत लगने वाली विभागीय प्रदर्शनी में सभी अधिकारियों को समय पर उपस्थित रहने के निर्देश दिए। साथ ही, हेलीपैड से सभा स्थल तक आने-जाने वाले मार्ग का निरीक्षण कर आवागमन एवं यातायात प्रबंधन को सुव्यवस्थित रखने पर बल दिया। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत के सीईओ शिशिर गेमावत, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहेरिया, संयुक्त कलेक्टर जितेंद्र पटेल, एसडीएम कटनी प्रमोद चतुर्वेदी, लोक निर्माण विभाग की कार्यपालन यंत्री शारदा सिंह और जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र की महाप्रबंधक ज्योति सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।


