झाबुआ/नावेद रजा/खबर डिजिटल/जिले के मेघनगर में शनिवार को कांग्रेस ने जीवन बचाओ आंदोलन किया। जिसमें मुख्य रूप से प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी शामिल हुए। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने आंदोलन के तहत मेघनगर में रोड शो किया और मंडी प्रांगण में जनसभा को संबोधित किया।
जीतू पटवारी ने सभा को संबोधित करते हुए झाबुआ क्षेत्र में कैमिकल फैक्ट्रियों से हो रहे प्रदूषण का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि इन फैक्ट्रियों की वजह से क्षेत्र का पर्यावरण बुरी तरह प्रभावित हो रहा है – जल, जंगल, जमीन, पशु-पक्षी और किसान सभी इसकी चपेट में हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ये कैमिकल प्लांट गुजरात से लाकर यहां स्थापित किए गए थे, ताकि स्थानीय लोगों को रोजगार मिले, लेकिन स्थिति इसके उलट है। पटवारी ने कहा कि जब अधिकारियों से इन प्लांट्स में स्थानीय लोगों की संख्या पूछी जाती है तो कोई जवाब नहीं मिलता, सिर्फ निराशा हाथ लगती है।

भाजपा सरकार को आड़े हाथ लेते हुए पटवारी ने कहा, आज प्रदेश में ऐसा कोई विभाग नहीं बचा जहाँ बिना रिश्वत के काम हो रहा हो। उन्होंने कैलाश विजयवर्गीय को कुकृत्य मंत्री तक कह डाला, और बीजेपी सरकार को पूरी तरह विफल बताया। फैक्ट्री से निकलने वाला गंदा पानी पटवारी एक बोतल में भरकर साथ ले गए। पटवारी ने कहा की अगर फैक्ट्रीयो से ये केमिकल वाला गंदा पानी बंद नहीं हुआ तो अगली बार कर्मचारियों को यह पानी पिलाऊंगा।

विधायक हीरालाल अलावा ने कहा कि यहां की फैक्ट्रियां जहर उगल रही हैं, जिससे फसलें खराब हो रही हैं। कृषि विभाग ने गलत रिपोर्ट दी। रिपोर्ट में बताया कि इस इलाके में कहीं फसल खराब नहीं हुई है। डॉ. विक्रांत भूरिया ने कहा कि फैक्ट्रियों में लोकल मजदूरों का काम नहीं मिलता है। बाहर के लोग लाते हैं। उनसे वोट चोरी करवाते हैं।
मंच पर पूर्व मंत्री कांतीलाल भूरिया, कांग्रेस के सचिव संजय दत्त, विधायक डॉ हीरालाल अलावा, विधायक प्रताप गेवालय, विधायक डॉ विक्रांत भूरिया, विधायक वीरसिंह भूरिया, पूर्व विधायक वालसिंह मेडा, पूर्व विधायक मुकेश पटेल मौजूद रहे।



