MP BJP Meeting : आज प्रदेश भाजपा मुख्यालय में मौजूद रहेंगे केंद्र और प्रदेश के कई नेता

भोपाल : मध्यप्रदेश भाजपा की एक दिवसीय कार्यसमिति की तकरीबन 7 घंटे चलने  वाली बैठक एक ही एंजेण्डा मिशन 2023 में फतह हासिल करना होगा। इसके सभी चार सत्रों में चुनावी तैयारियों को लेकर मंथन किया जाएगा। हालांकि बैठक में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र के 9 वर्ष पूूरे होने के उपलक्ष्य तय कार्यक्रमों पर भी चर्चा होगी, लेकिन शीर्ष नेतृत्व से लेकर  प्रदेश पदाधिकारी तक से हर बूथ पर 51 प्रतिशत वोट पार्टी के पक्ष में कैसे आएगा,यह सवाल पूछा जाएगा। 

मोदी भारत ही नहीं वैश्विक नेता हैं: सबनानी 

गुरुवार को भाजपा दफ्तर में प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के संदर्भ में प्रदेश महामंत्री भगवानदास सबनानी ने पत्रकारों से चर्चा की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भारत ही नहीं वैश्विक नेता है,ऐसे में उनके नेतृत्व में ही भाजपा आगे बढ़ती रहेगी।  मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान के नेतृत्व में जन जन तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का काम प्रदेश सरकार कर रही है। उन्होंने बताया कि बैठक में राष्ट्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व का मार्गदर्शन पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं को मिलेगा।  वर्तमान में चल रहे अभियानों और कार्यक्रमों की समीक्षा की जाएगी तथा आगामी कार्यक्रमों को लेकर चर्चा की जाएगी।  

पार्टी के राष्ट्रीय पदाधिकारी समेत सभी एमपी रहेंगे मौजूद

शुक्रवार  सुबह 11 बजे से पार्टी मुख्यालय में शुरू होने वाली प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में प्रदेश से आने वाले केन्द्र सरकार के सभी मंत्री, शीर्ष पदाधिकारियों के अलावा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य, विशेष आमंत्रित व स्थाई सदस्य,  पार्टी के राष्ट्रीय पदाधिकारी, लोकसभा एवं राज्यसभा के सांसदगण, समस्त विधायकगण, मोर्चों के राष्ट्रीय पदाधिकारी, कांक्षी विधानसभा के प्रभारी, विस्तारक सहित विशेष संपर्क अभियान की जिला टोली के संयोजक व सहसंयोजक सहित कुल 1168 सदस्य शामिल होंगे। केन्द्रीय संगठन की ओर से राष्ट्रीय महामंत्री तरूण चुघ विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। 
जिनके द्वारा मध्यप्रदेश को लेकर केन्द्रीय नेतृत्व द्वारा बनाई गई रणनीति पर जानकारी दी जाएगी और प्रदेश संगठन को लक्ष्य थमाएं जाएंगे। उनके द्वारा  संभाग प्रभारियों के साथ समानांतर रूप से 10 संभागों की अलग अलग बैठकें ली जायेगीं।

21 को सभी जिलों में होगी एक साथ बैठक

सबनानी ने बताया कि मध्यप्रदेश में भाजपा 21 मई को 57 जिलों में एक साथ एक ही दिन बैठक करेगी। प्रदेश में अब मंडलों की संख्या 1070 से बढकर 1078 हो गयी है और इन मंडलों में 22 और 23 मई को बैठकें होंगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश के 10915 शक्ति केन्द्रों पर 25 से 26 मई तक बैठक आयोजित की जायेंगी। बैठक के बाद विशेष जनसंपर्क अभियान,  प्रभावी लोगों से संपर्क, केन्द्रीय मंत्रियों और राष्ट्रीय पदाधिकारियों के प्रवास, प्रबुद्धजन सम्मेलन, लाभार्थी सम्मेलन एवं घर घर संपर्क जैसे कार्यक्रमों का आयोजन किया जायेगा।  सबनानी ने बताया कि 28 मई को ‘‘मन की बात’’ कार्यक्रम आयोजित किया जायेगा। इसी दिन बूथ समिति की बैठक होगी और 30 मई से 30 जून तक के कार्यक्रमों की प्रदेश कार्यसमिति में विस्तृत चर्चा की जायेगी। 

Share:


Related Articles


Leave a Comment