Chhatarpur News: मध्यप्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा 12वीं का परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद जिले के नौगांव थाना क्षेत्र से एक दुखद मामला सामने आया है। सुनाटी गांव की 17 वर्षीय छात्रा ने परीक्षा में असफल होने के बाद जहरीला पदार्थ खा लिया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार सहित पूरे गांव में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, सुनाटी निवासी शिवानी अहिरवार (17) पुत्री सुरेश अहिरवार ने हाल ही में कक्षा 12वीं की परीक्षा दी थी। बुधवार को जब परीक्षा परिणाम घोषित हुआ तो वह फेल हो गई। बताया जा रहा है कि रिजल्ट आने के कुछ समय बाद ही छात्रा ने तनाव में आकर दोपहर के समय जहरीला पदार्थ खा लिया।
अस्पताल में तोड़ा दम..
परिजनों को जैसे ही घटना की जानकारी मिली, वे तुरंत छात्रा को नौगांव के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
शव परिजनों को सौंपा..
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई कराई। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस कर रही जांच..
एसडीओपी अमित मेश्राम ने बताया कि प्रारंभिक तौर पर मामला परीक्षा में असफल होने के कारण आत्मघाती कदम उठाने का प्रतीत हो रहा है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और परिजनों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं।
मानसिक दवाब बनी वजह..
इस घटना ने एक बार फिर परीक्षा परिणाम के बाद विद्यार्थियों पर पड़ने वाले मानसिक दबाव को उजागर किया है। विशेषज्ञों का मानना है कि ऐसे समय में परिवार और समाज को बच्चों का हौसला बढ़ाना चाहिए, ताकि वे किसी भी असफलता को जीवन का अंत न समझें।


