झाबुआ /सुनील डाबी/खबर डिजिटल/ झाबुआ जिले के बामनिया रेलवे फाटक के पास देर रात हुए एक सड़क हादसे ने अवैध शराब तस्करी का बड़ा खुलासा कर दिया। जानकारी के अनुसार, सब्जियों से भरा हुआ एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर खाई में पलट गया। हादसे के बाद जब पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल (RPF) मौके पर पहुंचे, तो वाहन में छिपाई गई भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब देखकर सभी हैरान रह गए।
स्थानीय लोगों ने दी जानकारी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पिकअप के ऊपर सब्जियों की बोरियां रखी गई थीं, जबकि उनके नीचे लाखों रुपये की कीमत की अवैध अंग्रेजी शराब की पेटियां छिपाई गई थीं। हादसे के बाद कुछ पेटियां फट गईं और पूरे इलाके में शराब की तेज गंध फैल गई।
पुलिस टीम ने की कार्रवाई
सूचना मिलते ही पुलिस व आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची और वाहन को जब्त कर लिया गया। फिलहाल बरामद शराब की मात्रा और कीमत का आकलन किया जा रहा है। पिकअप चालक घटना के बाद मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।
शराब माफिया पर कार्रवाई का इंतजार
सूत्रों का कहना है कि आबकारी विभाग के उदासीन रवैये के चलते शराब तस्करों के हौसले बुलंद है, और लगातार नए नये तरीको से शराब को ठिकाने पर पहुंचाया जाता है, शराब की बोतलों पर अंकित बेस नम्बर से ही अवेध शराब परिवहनकर्ता तक पहुंचा जा सकता है, अब देखना है कि आबकारी विभाग और पुलिस प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है।


