मैहर/अनुराग सिंह बघेल/खबर डिजिटल/ मैहर थाना क्षेत्र के ग्राम सोनवारी में मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे एक युवक पर अज्ञात कारणों से चाकू से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। हमले में गंभीर रूप से घायल युवक को मैहर सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
मामले में जानकारी के मुताबिक
प्राप्त जानकारी के अनुसार, विक्रम उर्फ गोलू केवट (25 वर्ष) पिता रामलखन मल्लाह को रवि केवट नामक युवक ने अपने जीजा के साथ मिलकर चाकू से हमला कर घायल कर दिया। घायल गोलू ने बताया कि रवि ने उसे फोन पर बुलाया था। जब वह पहुँचा, तो रवि ने बिना किसी कारण उसकी गाड़ी पर चाकू से कई वार किए। गोलू के अनुसार, जब वह खुद को बचाते हुए वहां से जाने लगा, तो रवि ने पीछे से आकर उसके हाथों और पैर पर चाकू से वार कर दिए।
स्थानीय लोगों ने पहुंचाया अस्पताल
हमले के बाद गोलू ने आरोपी को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन इस बीच रवि और उसका जीजा मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों के अनुसार हाथ और पैर पर चाकू के गहरे घाव पाए गए हैं। बताया गया है कि गोलू ऑटो चलाने का काम करता है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।


