Dhruv Rathee Non-Bailable Warrant: दिल्ली की साकेत कोर्ट ने सोमवार को यूट्यूबर ध्रुव राठी के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया है। यह कार्रवाई साल 2018 में दर्ज आपराधिक मानहानि के मामले में अदालत में पेश नहीं होने के चलते की गई है। मजिस्ट्रेट अनम रईस खान ने शिकायतकर्ता विकास पांडे की शिकायत पर सुनवाई करते हुए यह आदेश दिया। आखिर क्या है यह पूरा मामला और क्यों ध्रुव राठी के खिलाफ कोर्ट को यह कदम उठाना पड़ा? आइए जानते हैं।
2018 के किस वीडियो से शुरू हुआ था विवाद?
दरअसल, इस पूरे विवाद की शुरुआत साल 2018 में ध्रुव राठी के एक यूट्यूब वीडियो से हुई थी। उन्होंने अपने चैनल पर 'BJP IT Cell Part 2' नाम से एक वीडियो अपलोड किया था। इस वीडियो में उन्होंने बीजेपी की आईटी सेल और उससे जुड़े कुछ लोगों पर गंभीर आरोप लगाए थे।
विकास पांडे पर लगाए थे ये आरोप
ध्रुव राठी ने बीजेपी आईटी सेल से जुड़े विकास पांडे पर आरोप लगाया था कि वह बीजेपी सरकार के समर्थन में फेक न्यूज फैलाते हैं। राठी का दावा था कि ऐसी खबरें प्रसारित की जाती हैं, जिनसे हिंदू-मुस्लिम समुदायों के बीच विवाद और तनाव की स्थिति पैदा हो सकती है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया था कि राजनीतिक प्रभाव बढ़ाने के लिए अलग-अलग जातियों और धर्मों के बीच नफरत फैलाने का काम किया जाता है।
50 लाख रुपये की रिश्वत देने का भी किया था दावा
अपने वीडियो में ध्रुव राठी ने बीजेपी की पूर्व आईटी सेल से जुड़े कार्यकर्ता महावीर प्रसाद का इंटरव्यू भी शामिल किया था। इस इंटरव्यू में बीजेपी आईटी सेल पर कथित तौर पर झूठी और भ्रामक जानकारी फैलाने के आरोप लगाए गए थे।
राठी ने वीडियो में यह दावा भी किया था कि विकास पांडे या बीजेपी आईटी सेल से जुड़े लोगों की ओर से महावीर प्रसाद को 50 लाख रुपये की रिश्वत देने की पेशकश की गई थी, ताकि वह फर्जी खबर फैलाने से जुड़े आरोप वापस ले लें।
विकास पांडे ने दर्ज कराया था मानहानि का मुकदमा
हालांकि, विकास पांडे ने इन आरोपों को पूरी तरह झूठा और अपमानजनक बताया था। इसी को लेकर उन्होंने साल 2018 में ध्रुव राठी के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दर्ज कराया था। अब इसी पुराने मामले में अदालत में पेश नहीं होने के कारण ध्रुव राठी के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया गया है।
कौन हैं ध्रुव राठी? कहां रहते हैं यूट्यूबर
ध्रुव राठी मूल रूप से भारत के रहने वाले यूट्यूबर हैं। उनका जन्म 8 अक्टूबर 1999 को हरियाणा के रोहतक में हुआ था। उच्च शिक्षा के लिए वह जर्मनी चले गए थे। वर्तमान में वह जर्मनी के बर्लिन में अपनी पत्नी जूली एल्बियार और बेटे के साथ रहते हैं।
ट्रैवल ब्लॉगिंग से शुरू किया था यूट्यूब का सफर
ध्रुव राठी ने अपने यूट्यूब सफर की शुरुआत ट्रैवल ब्लॉगिंग से की थी। शुरुआत में वह यात्रा से जुड़े वीडियो बनाते थे, लेकिन धीरे-धीरे उन्होंने अपना कंटेंट बदलते हुए राजनीतिक और सामाजिक मुद्दों पर वीडियो बनाना शुरू कर दिया। आज वह अपने यूट्यूब चैनल के जरिए देश-दुनिया से जुड़े राजनीतिक, सामाजिक और समसामयिक विषयों पर अपनी राय और विश्लेषण प्रस्तुत करते हैं।









