क्या आप भी ऑफिस या किसी दूसरे कंप्यूटर पर WhatsApp Web चलाकर लॉग-इन छोड़ देते हैं? अगर हां, तो सावधान हो जाएं। गृह मंत्रालय की साइबर क्राइम से जुड़ी एजेंसी ने इस पर चेतावनी जारी की है।
भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (I4C) की नेशनल साइबर क्राइम थ्रेट एनालिटिक्स यूनिट ने नई एडवाइजरी में कहा है कि WhatsApp Web का सेशन चालू रहने पर साइबर ठग आपकी निजी चैट देख सकते हैं। वे आपका अकाउंट अपने कब्जे में ले सकते हैं।

क्या है खतरा?
एजेंसी के मुताबिक चालू सेशन से आपके मैसेज, कॉन्टैक्ट और ग्रुप चैट दूसरों के सामने खुल सकते हैं। ठग आपके नाम से मैसेज भेज सकते हैं। लोग आप पर भरोसा करते हैं, इसी का फायदा उठाकर वे ठगी, फिशिंग और दूसरे स्कैम कर सकते हैं।
सिर्फ टैब बंद करना काफी नहीं
एजेंसी ने साफ कहा है कि ब्राउजर की विंडो या टैब बंद करने से WhatsApp Web का सेशन खत्म नहीं होता। हर बार इस्तेमाल के बाद खुद लॉग आउट करना जरूरी है।
इन जगहों पर न चलाएं
एडवाइजरी में कहा गया है कि इन जगहों पर WhatsApp Web चलाने से बचें:
ऑफिस के कंप्यूटर
साझा कंप्यूटर
साइबर कैफे और पब्लिक कियोस्क
होटल के बिजनेस सेंटर
किसी से मांगे हुए कंप्यूटर
अगर कंप्यूटर पर चलाना मजबूरी हो, तो इंकॉग्निटो या प्राइवेट ब्राउजिंग मोड का इस्तेमाल करें।
संवेदनशील जानकारी न भेजें
एजेंसी ने कहा है कि सरकारी, कंपनी से जुड़ी, पैसों की या कोई भी गोपनीय जानकारी कंप्यूटर पर WhatsApp Web से न भेजें तो बेहतर है।
ऐसे पहचानें हैक होने का शक
इन बातों पर नजर रखें:
आपके अकाउंट से ऐसे मैसेज जाना, जो आपने नहीं भेजे
कॉन्टैक्ट्स के अजीब जवाब आना
कोई और अनजानी गतिविधि
और क्या सावधानी रखें?
डिवाइस, ऑपरेटिंग सिस्टम, ब्राउजर और सिक्योरिटी सॉफ्टवेयर अपडेट रखें
अनजान डाउनलोड और फाइलें न खोलें
क्रैक्ड सॉफ्टवेयर का इस्तेमाल न करें
ICCCC (भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र) ने कहा है कि हर बार लॉग आउट करें, अनजान कंप्यूटर से दूर रहें और अकाउंट पर नजर रखें, ताकि हैकिंग और पैसों की ठगी से बचा जा सके।








