आजकल बाजार में मिलने वाले पनीर को लेकर लोगों के मन में एक बड़ा सवाल उठने लगा है कि जो हम खा रहे हैं वह असली है या नकली. बढ़ती मिलावट के मामलों ने इस चिंता को और भी बढ़ा दिया है. कई जगह जांच में पाया गया है कि पनीर में स्टार्च, केमिकल या सिंथेटिक चीजें मिलाकर उसे तैयार किया जा रहा है, जो सेहत के लिए नुकसानदायक हो सकता है, लेकिन अच्छी बात यह है कि आप घर पर ही कुछ आसान तरीकों से असली और नकली पनीर की पहचान कर सकते हैं. इसके लिए किसी लैब या खास मशीन की जरूरत नहीं होती.
कैसे पहचाने पनीर नकली है या असली
सबसे पहले पनीर की बनावट पर ध्यान दें. असली पनीर हल्का दानेदार और नरम होता है. जब आप इसे दबाते हैं तो यह आसानी से टूट सकता है. वहीं नकली पनीर ज्यादा चिकना, रबर जैसा या बहुत ज्यादा सख्त महसूस हो सकता है.
दूसरा तरीका है उसकी खुशबू को पहचानना. असली पनीर में हल्की दूध जैसी महक आती है. अगर पनीर से अजीब, खट्टी या केमिकल जैसी गंध आ रही हो तो समझ जाएं कि कुछ गड़बड़ है. यह मिलावट का संकेत हो सकता है.
आप एक छोटा सा हिट टेस्ट भी कर सकते हैं. पनीर का टुकड़ा लेकर उसे हल्का सा गर्म करें. असली पनीर गर्म होने पर नरम हो जाता है और हल्की दूध जैसी खुशबू देता है. जबकि नकली पनीर से तेल जैसा या अजीब गंध आ सकती है और उसका टेक्सचर भी बदल सकता है.
एक और आसान तरीका है आयोडिन टेस्ट. इसके लिए पनीर को पानी में उबालकर ठंडा करें और फिर उसमें आयोडीन की कुछ बूंदें डालें. अगर उसका रंग नीला या काला हो जाए तो समझ लें कि उसमें स्टार्च मिलाया गया है और वह शुद्ध नहीं है.
स्वाद भी एक बड़ा संकेत देता है. असली पनीर का स्वाद हल्का और दूध जैसा होता है. वहीं नकली पनीर चबाने में ज्यादा रबर जैसा लग सकता है या उसका स्वाद अजीब हो सकता है. अगर पनीर ज्यादा खिंचता है या चिपचिपा लगता है तो सावधान हो जाएं.
इसके अलावा पनीर की शेल्फ लाइफ भी ध्यान देने वाली बात है. असली पनीर ज्यादा दिन तक फ्रेश नहीं रहता. अगर पनीर कई दिनों तक बिना खराब हुए वैसा ही बना रहे तो उसमें मिलावट या preservatives हो सकते हैं.
यह भी पढ़ें- Weather Update: इन राज्यों में होगी झमाझम बारिश, तो यहां बढ़ेगा तापमान, जानें अपने शहर का हाल


