महिलाओं को राजनीति में ज्यादा भागीदारी दिलाने के मुद्दे पर केंद्र सरकार एक बार फिर सक्रिय नजर आ रही है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को साफ कहा कि उनकी सरकार महिलाओं को आरक्षण देने के अपने वादे को पूरा करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि महिला आरक्षण लागू करने के रास्ते में आने वाली सभी बाधाओं को दूर किया जाएगा. पीएम मोदी का यह बयान संसद के आगामी विशेष सत्र से ठीक पहले आया है. 30 नवंबर से शुरू होने वाले इस तीन दिवसीय सत्र में केंद्र सरकार महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े विधेयक को दोबारा पेश करने की तैयारी कर रही है.
पीएम मोदी ने महिलाओं को क्या भरोसा दिया?
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो संदेश साझा करते हुए कहा कि सरकार ने देश की नारी शक्ति से जो वादा किया था, उसे पूरा करने के लिए संकल्पित है. उन्होंने बताया कि महिलाओं के राजनीतिक प्रतिनिधित्व का मुद्दा कई दशकों से उठता रहा है. देश की अलग-अलग महिलाओं ने पत्रों और व्यक्तिगत मुलाकातों के दौरान भी उनसे इस विषय पर अपनी बात रखी है.
पीएम मोदी ने कहा कि महिला आरक्षण का विरोध करने वाली राजनीतिक पार्टियां महिलाओं को संसद और विधानसभा में अपनी भागीदारी बढ़ाने से हमेशा के लिए नहीं रोक सकतीं. यह लक्ष्य हासिल होकर रहेगा और अब केवल समय की बात है. उन्होंने यह भी कहा कि सरकार के इस संकल्प को देशभर की महिलाओं का समर्थन मिल रहा है.
भारत-पाकिस्तान की सरहद नहीं रोक सकी पत्नी-बच्चों से मिलने की चाह, नीलम नदी में डूबने से इरफान की मौत
अमित शाह ने 132वें संविधान संशोधन पर क्या बताया?
गृह मंत्री अमित शाह ने भी इस मुद्दे पर अपनी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि महिलाओं को जनप्रतिनिधित्व में मजबूत स्थान दिलाना मोदी सरकार की प्राथमिकता रही है. उनके मुताबिक, केंद्रीय मंत्रिमंडल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 132वें संविधान संशोधन विधेयक को मंजूरी दी है. इससे महिलाओं को लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण देने का रास्ता आगे बढ़ेगा.
अमित शाह ने कहा कि विधानसभाओं में महिलाओं की कम से कम एक-तिहाई भागीदारी से सरकारी योजनाओं को अधिक समावेशी बनाने में मदद मिलेगी. वहीं, संसद में महिलाओं की मौजूदगी बढ़ने से कानून बनाने और देश की नीतियां तय करने में भी उनकी भूमिका मजबूत होगी. उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से इस पहल का समर्थन करने की अपील की.
गृह मंत्री ने यह भी बताया कि प्रस्ताव में संविधान के अनुच्छेद 170(1) में बदलाव करने की बात है. इसके तहत राज्य विधानसभाओं की अधिकतम सीटों की सीमा 500 से बढ़ाकर करीब 650 करने का प्रस्ताव रखा गया है.
समझिए परिसीमन का पूरा गणित, इसे किसको क्या मिलेगा फायदा ?
परिसीमन से क्यों जुड़ा है महिला आरक्षण?
दरअसल, महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का प्रावधान पहले ही संविधान के 106वें संशोधन यानी नारी शक्ति वंदन अधिनियम, 2023 के तहत किया जा चुका है. इसके मुताबिक लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए एक-तिहाई सीटें आरक्षित होनी हैं.
हालांकि, इस कानून को लागू करने के लिए जनगणना के आंकड़े जारी होने और उसके बाद परिसीमन की प्रक्रिया पूरी होने की शर्त रखी गई थी. अब केंद्र सरकार संविधान (132वां संशोधन) विधेयक, 2026 और परिसीमन (दूसरा) विधेयक, 2026 के जरिए इस दिशा में आगे बढ़ने की तैयारी कर रही है. संसद का विशेष सत्र इस लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है. अब देखना होगा कि सरकार इन विधेयकों को संसद में किस तरह आगे बढ़ाती है.









