दिल्ली/खबर डिजिटल। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोमवार को दिल्ली में एक उच्चस्तरीय बैठक बुलाई। बैठक में उन्होंने देशभर में हो रही बारिश और उसके प्रभाव की समीक्षा की।
शिवराज सिंह चौहान ने विशेष रूप से पंजाब के हालात पर चर्चा करते हुए कहा कि राज्य के कुछ हिस्सों में आई बाढ़ से फसलों को नुकसान हुआ है। उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों से विस्तृत जानकारी लेते हुए किसानों की स्थिति पर चिंता जताई।
मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा – “पंजाब के हमारे किसान भाई-बहन बिल्कुल भी चिंता न करें। केंद्र सरकार पूरी तरह से प्रभावित किसानों के साथ खड़ी है।”
शिवराज सिंह चौहान ने यह भी घोषणा की कि वे जल्द ही पंजाब के बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा करेंगे और मौके पर जाकर किसानों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं जानेंगे।
केंद्रीय कृषि मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रभावित क्षेत्रों में राहत और सहायता कार्यों में तेजी लाई जाए ताकि किसानों को तुरंत सहयोग मिल सके।


