नई दिल्ली: भारत के प्रमुख शॉपिंग बाजारों ने एशिया के रिटेल कारोबार में अपनी मजबूत पहचान बनाई है। दिल्ली और गुरुग्राम के तीन बाजार एशिया पैसिफिक की सबसे महंगी रिटेल सड़कों की टॉप-30 सूची में शामिल हुए हैं। इनमें दिल्ली का खान मार्केट, गुरुग्राम का गैलेरिया मार्केट और कनॉट प्लेस शामिल हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्रॉपर्टी कंसल्टेंसी फर्म कुशमैन एंड वेकफील्ड की 'मेन स्ट्रीट्स अक्रॉस द वर्ल्ड 2026' रिपोर्ट में इन बाजारों को जगह मिली है।
खान मार्केट दुनिया में 24वें नंबर पर
दिल्ली का खान मार्केट भारत का सबसे महंगा रिटेल बाजार बना हुआ है। दुनिया की सबसे महंगी शॉपिंग सड़कों की सूची में इसे 24वां स्थान मिला है। यहां दुकानों का सालाना किराया 14 प्रतिशत बढ़कर 238 डॉलर प्रति वर्गफुट पहुंच गया है। भारतीय मुद्रा में यह करीब 1,875 रुपये प्रति वर्गफुट प्रतिमाह बैठता है।
गैलेरिया मार्केट और कनॉट प्लेस भी टॉप-30 में
एशिया पैसिफिक की सूची में गुरुग्राम के गैलेरिया मार्केट को 28वां स्थान मिला है, जबकि दिल्ली का कनॉट प्लेस 29वें नंबर पर है।
वहीं, मुंबई का लिंकिंग रोड 33वें स्थान पर रहा। हालांकि, इस बाजार ने किराये में बढ़ोतरी के मामले में खास प्रदर्शन किया। यहां सालाना किराये में 28 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।
दुनिया में न्यूयॉर्क का बाजार सबसे महंगा
दुनिया की सबसे महंगी रिटेल सड़कों में न्यूयॉर्क का अपर फिफ्थ एवेन्यू पहले स्थान पर है। यहां सालाना किराया 35 प्रतिशत बढ़कर 2,700 डॉलर प्रति वर्गफुट हो गया है। लंदन का न्यू बॉन्ड स्ट्रीट दूसरे और मिलान का वाया मोंटेनापोलियोने तीसरे स्थान पर है।
रिपोर्ट के अनुसार, भारत एशिया पैसिफिक में रिटेल किराये की बढ़ोतरी के मामले में सबसे आगे रहा। इससे साफ है कि बड़े शहरों के प्रमुख बाजारों में दुकानों की मांग लगातार बढ़ रही है। नामी ब्रांड भी इन बाजारों में अपनी मौजूदगी बढ़ाने में दिलचस्पी दिखा रहे हैं।








