राकेश यादव,सिवनी। राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक-44 पर राहीवाड़ा और सोनाडोंगरी के बीच सड़क किनारे करीब 15 दिनों से खुला पड़ा गहरा गड्ढा आखिरकार समतल कर दिया गया है। इस गंभीर समस्या को खबर डिजीटल ने प्रमुखता से उठाते हुए खबर प्रसारित की थी, जिसके बाद प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई देखने को मिली।
बताया जा रहा है कि सड़क के ठीक किनारे खोदा गया यह गड्ढा बिना किसी सुरक्षा इंतजाम के खुला पड़ा था। इससे राहगीरों और वाहन चालकों के लिए हादसे का खतरा बना हुआ था। रात के अंधेरे में यह गड्ढा किसी बड़े हादसे का कारण बन सकता था।
मामले को गंभीरता से लेते हुए बंडोल थाना प्रभारी ने संज्ञान लिया और NHAI के वरिष्ठ अधिकारियों से संपर्क कर समस्या से अवगत कराया। इसके बाद गड्ढे में मुरम डालकर उसे समतल कराया गया।
खबर प्रसारण के बाद हुई इस कार्रवाई से क्षेत्र के लोगों और वाहन चालकों ने राहत की सांस ली है। यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने पर जिम्मेदार विभागों तक आवाज पहुंचती है और समस्याओं के समाधान का रास्ता खुलता है।
हालांकि, सड़क किनारे भविष्य में ऐसी लापरवाही न हो, इसके लिए संबंधित विभाग को नियमित निगरानी और सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने की जरूरत है।








