सौरभ श्रीवास्तव संवाददाता कटनी, 06 मई-=शहरवासियों को इस बार बरसात में जलभराव की समस्या से राहत दिलाने के लिए नगर निगम ने कमर कस ली है। महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी के निरीक्षण और सख्त निर्देशों के बाद निगम प्रशासन ने बस स्टैंड क्षेत्र सहित प्रमुख नालों पर कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण हटाने और व्यापक सफाई अभियान की शुरुआत कर दी है।निगम के अतिक्रमण अमले ने नालों के ऊपर और आसपास किए गए अस्थायी कब्जों को हटाकर जल निकासी का रास्ता साफ किया। कार्रवाई के दौरान बहाव में बाधा बन रहे टपरे, नर्सरी और अन्य अवरोधों को हाइड्रा एवं जेसीबी मशीन की मदद से हटाया गया।अतिक्रमण प्रभारी मानेन्द्र सिंह ने बताया कि कार्रवाई से पहले क्षेत्र में मुनादी कराकर लोगों को तीन दिन का समय दिया गया था, लेकिन अतिक्रमण नहीं हटाने पर निगम को कार्रवाई करनी पड़ी। हटाए गए सामान को सुरक्षित स्थान पर रखवाया गया है।इधर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने भी नालों की विशेष सफाई शुरू कर दी है। नालों में जमा गाद, कचरा और अन्य अवरोध हटाए जा रहे हैं ताकि बारिश के दौरान पानी का बहाव बाधित न हो और शहर में जलभराव की स्थिति न बने।महापौर प्रीति संजीव सूरी ने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि शहर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए नालों में कचरा न डालें और सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण से बचें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि बरसात से पहले शहर के सभी प्रमुख नालों की सफाई पूरी कर ली जाएगी।
अब नहीं होगा जलभराव: महापौर के निर्देश पर नालों से हटे अतिक्रमण, शुरू हुआ विशेष सफाई अभियान
सम्बंधित ख़बरें
