MP IAS-IPS Transfer: मध्य प्रदेश के प्रशासनिक और पुलिस गलियारों में इन दिनों ट्रांसफर लिस्ट को लेकर धड़कनें तेज हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और मुख्य सचिव अनुराग जैन के बीच हुई बैठक के बाद राज्य की नौकरशाही में बड़े फेरबदल के संकेत मिले हैं। सूत्रों की मानें तो सरकार जल्द ही आईएएस (IAS) और आईपीएस (IPS) अधिकारियों की एक जंबो लिस्ट जारी करने वाली है, जिसमें करीब 40 से ज्यादा जिलों के मुखिया बदले जा सकते हैं।
बदलेगा भोपाल कलेक्टर?
होने वाले संभावित बड़े फेरबदल का सबसे बड़ा केंद्र राजधानी भोपाल रहने वाला है। चर्चा है कि भोपाल कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह को शासन स्तर पर कोई बड़ी और नई जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है। सूत्रों की माने तो उन्हें सीएम मोहन यादव अपनी टीम में लेकर उन्हें प्रमुख सचिव की जिम्मेदारी दे सकते है। वही उनकी जगह पर प्रियंक मिश्रा या फिर किसी अनुभवी महिला आईएएस अधिकारी को भोपाल की कमान दी जा सकती है।
वल्लभ भवन से फील्ड तक मचेगी हलचल
यह फेरबदल केवल जिलों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि मंत्रालय में भी बदलाव देखने को मिल सकता है। अंदर खाने की खबर की माने तो वल्लभ भवन में पदस्थ कुछ अधिकारियों को जिलों की कमान देकर फील्ड में भेजा जा सकता है। तो वही नर्मदापुरम, ग्वालियर, इंदौर, रीवा, बैतूल, शिवपुरी, उमरिया और मैहर जैसे जिलों के कलेक्टरों को मंत्रालय में जिम्मेदारी दी जा सकती है।
20 जिलों के बदलेंगे कप्तान!
प्रशासनिक अधिकारियों के साथ-साथ पुलिस विभाग में भी बड़ी सर्जरी तय मानी जा रही है। सूत्रों के अनुसार, करीब 20 जिलों के पुलिस अधीक्षक बदलने की पूरी तैयारी कर ली गई है। खंडवा, भिंड, धार, रीवा और झाबुआ जैसे संवेदनशील जिलों में नए कप्तानों की तैनाती हो सकती है। इसके अलावा पदोन्नति के बाद भी एक ही जिले में लंबे समय से जमे अधिकारियों को अब नई जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।
परफॉर्मेंस पर मिलेगा ‘प्रमोशन’
सूत्रों की मानें तो तबादलों का आधार ‘परफॉर्मेंस रिपोर्ट’ होगी। जिन अधिकारियों ने बेहतर परिणाम दिए हैं, उन्हें मलाईदार और बड़े जिलों की जिम्मेदारी मिलेगी, जबकि सुस्त अधिकारियों को लूप लाइन में भेजा जा सकता है। फिलहाल तबादला सूची का इंतजार है।


