महिला से घर के सामने छेड़छाड़, कपड़े फाड़ने का प्रयास; आरोपी पर गंभीर आरोप, पुलिस पर भी लापरवाही का आरोप
कटनी – माधवनगर थाना क्षेत्र में महिला सुरक्षा को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक 21 वर्षीय महिला ने अपने ही वार्ड के एक व्यक्ति पर छेड़छाड़, जातिसूचक गालियां देने, जान से मारने की धमकी देने और कपड़े फाड़ने का प्रयास करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने थाना प्रभारी को लिखित शिकायत सौंपकर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
घटना 26 नवंबर की शाम 5 से 6 बजे के बीच रविन्द्र नाथ टैगोर वार्ड में घटी। शिकायत के अनुसार, आवेदिका प्रिया यादव घर के अंदर काम कर रही थीं, तभी आरोपी देवेन्द्र प्रसाद यादव (45), जो उसी वार्ड का निवासी है, पास की दुकान से निकलकर उसके घर के सामने आया। आरोप है कि आरोपी ने पहले अपशब्द कहे और धमकी दी कि यदि वह उसके खिलाफ रिपोर्ट लिखाएगी तो उसे जान से मार देगा।
आवेदिका का कहना है कि विरोध करने पर आरोपी ने उन्हें पकड़ लिया, धक्का दिया, उनके कपड़े फाड़ने का प्रयास किया और हाथ पकड़कर जोर-जबरदस्ती की। इस दौरान पीड़िता की चूड़ी टूट गई और हाथ में चोट आई। शोर सुनकर पीड़िता का पति कमरे से बाहर आया, जिसके बाद आरोपी लगभग 100 मीटर दूर भाग गया।
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि रात लगभग 10 बजे जब वह अपने पति के साथ शिकायत दर्ज कराने थाने पहुंचीं तो ड्यूटी पर मौजूद महिला पुलिसकर्मी ने उनकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की। शिकायत के अनुसार, महिला कर्मचारी ने कथित तौर पर उन्हें डराते हुए कहा कि “अगर आज रिपोर्ट दर्ज कराई तो तुम्हारे खिलाफ झूठा मुकदमा बना दिया जाएगा।”
पीड़िता ने वरिष्ठ अधिकारियों से आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और तुरंत FIR दर्ज करने की मांग की है।


