अमरपाटन (मैहर)/अनुराग सिंह/खबर डिजिटल/ गुरुवार का दिन मैहर जिले में दुर्घटनाओं के नाम रहा। सुबह से लेकर दोपहर तक हुए अलग-अलग हादसों में 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि 2 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है।
ट्रैक्टर-थ्रेसर पलटने से युवक की मौत
अमरपाटन, परसवाही (NH-30)पर तेज रफ्तार और अनियंत्रण के चलते क्रॉसिंग पुल के नीचे मोड़ पर ट्रैक्टर-थ्रेसर पलट गया। थ्रेसर पर सवार युवक नीचे गिरा और उसके ऊपर ही थ्रेसर पलट गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना पर हाईवे पेट्रोलिंग 1033 और डायल-112 टीम ने पहुंचकर शव को बाहर निकाला और सिविल अस्पताल अमरपाटन भेजा। पुलिस ने ट्रैक्टर चालक पर मामला दर्ज किया है।
कार ने बाइक सवार को मारी टक्कर… युवक की मौत
नादन देहात थाना क्षेत्र, रिगरा (NH-30) पर कंचनपुर निवासी संदीप रावत अपनी मोटरसाइकिल से जा रहे थे, तभी बिना नंबर की नई सुजुकी फीनिक्स कार ने सामने से टक्कर मार दी। दुर्घटना में संदीप रावत की मौके पर ही मौत हो गई। भागने की कोशिश कर रहा कार चालक पुलिस की चपेट में आया और वाहन सहित हिरासत में ले लिया गया।
स्टेट हाईवे 11 पर तेज रफ्तार कार की टक्कर, 2 घायल
सोनवारी स्टेट हाईवे-11 पर तेज गति से आ रही कार ने बाइक सवार को जोरदार टक्कर मारी। दोनों युवक गंभीर रूप से घायल होकर मैहर सिविल अस्पताल में भर्ती हैं, जहां उनका उपचार जारी है।
चलती ट्रेन से गिरकर युवक की मौत
रेल ट्रैक किनारे 38 वर्षीय युवक शुभम सिंह चौहान का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक सीधी निवासी था और मैहर रेलवे स्टेशन गेस्ट हाउस में केयरटेकर के रूप में काम करता था। बताया गया कि शुभम के एक पैर में प्लास्टिक का कृत्रिम पैर लगा हुआ था। जीआरपी घटना की जांच में जुटी है, किस ट्रेन से गिरा, यह पोस्टमार्टम के बाद स्पष्ट होगा।
एक दिन में 3 सड़क हादसे
बिना सुरक्षा उपकरण (हेलमेट) के लापरवाही से लोगो की जान जा रहीं है । जो कि सड़क सुरक्षा पर फिर सवाल खड़े कर रही है। लगातार हो रही दुर्घटनाएं यातायात नियंत्रण व्यवस्था और तेज रफ्तार वाहनों पर लगाम की जरूरत की ओर इशारा करती है।


