आलीराजपुर/कुलदीप खराड़ीया/खबर डिजिटल/ सर प्रताप शासकीय उच्चतर माध्यमिक उत्कृष्ट विद्यालय, आलिराजपुर में भव्य रूप से आयोजित वार्षिकोत्सव कार्यक्रम में जोबट विधानसभा की विधायक सेना महेश पटेल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में विद्यालय परिसर विद्यार्थियों की ऊर्जा, रचनात्मकता और सांस्कृतिक रंगों से सराबोर नजर आया।
शिक्षा देती है जीवन को दिशा
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक सेना महेश पटेल ने कहा कि शिक्षा केवल अंक प्राप्त करने का माध्यम नहीं है, बल्कि जीवन को सही दिशा देने का सबसे सशक्त साधन है। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, अनुशासन, समय प्रबंधन और लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने जैसे महत्वपूर्ण शैक्षणिक टिप्स दिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को अध्ययन पर अधिक ध्यान देना चाहिए।
अभिभावकों को किया जागरुक
विधायक सेना महेश पटेल ने स्वास्थ्य जागरूकता पर जोर देते हुए कहा कि शिक्षा के साथ-साथ स्वस्थ रहना भी उतना ही जरूरी है। उन्होंने सिकल सेल बीमारी को लेकर विद्यार्थियों व अभिभावकों को जागरूक करते हुए कहा, “मैं ईश्वर से प्रार्थना करती हूँ कि किसी को भी सिकल सेल जैसी बीमारी न हो, लेकिन हमारे आदिवासी अंचल में यह एक गंभीर समस्या है। समय पर जांच कराना और जागरूक रहना हम सबकी जिम्मेदारी है।” उन्होंने सिकल सेल परीक्षण कराने और सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ लेने की अपील की।
बच्चों की छिपी प्रतिभा निखरेगी
इस अवसर पर विद्यालय में आयोजित शैक्षणिक एवं रचनात्मक प्रदर्शनी का विधायक ने अवलोकन किया। उन्होंने बच्चों द्वारा बनाई गई कलाकृतियों, विज्ञान मॉडलों, चित्रों और हस्तशिल्प की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी गतिविधियां बच्चों की छिपी प्रतिभा को निखारने का कार्य करती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों के प्रयासों की खुले मंच से प्रशंसा की और उन्हें निरंतर नवाचार के लिए प्रेरित किया।
प्रस्तुतियों ने मोहा मन
वार्षिकोत्सव में विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों नृत्य, गीत, नाटक और लोक प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। विधायक सेना महेश पटेल ने बच्चों के आत्मविश्वास, मंच संचालन और प्रस्तुति कौशल की सराहना करते हुए कहा कि सांस्कृतिक गतिविधियां बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
शिक्षकों और स्टाफ की प्रशंसा
कार्यक्रम के दौरान विधायक ने विद्यालय के शिक्षकों एवं स्टाफ की प्रशंसा करते हुए कहा कि सीमित संसाधनों में भी शिक्षक बच्चों को बेहतर शिक्षा, संस्कार और मार्गदर्शन दे रहे हैं, जो समाज और क्षेत्र के भविष्य के लिए अत्यंत सराहनीय कार्य है। उन्होंने विद्यालय परिवार को उज्ज्वल परिणामों और अनुशासित वातावरण के लिए बधाई दी। अंत में विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों द्वारा विधायक सेना महेश पटेल का स्वागत एवं आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, शिक्षक, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।


