मैहर/अनुराग सिंह बघेल/खबर डिजिटल/ मैहर जिले के अमरपाटन नगर के व्यस्ततम सतना चौराहा पर रविवार रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। यहां तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित एक बेकरी दुकान से टकरा गई। हादसे के बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। गनीमत यह रही कि इस घटना में किसी को गंभीर चोट नहीं आई और एक बड़ा हादसा टल गया।
ड्यूटी से लौट रहे थे डॉक्टर
मिली जानकारी के अनुसार, अमरपाटन सिविल अस्पताल में पदस्थ चिकित्सक डॉ. रमाकांत विश्वकर्मा रविवार रात अपनी ड्यूटी पूरी कर कार से घर जा रहे थे। जैसे ही वे सतना चौराहा पहुंचे, उसी समय सामने अचानक एक बाइक सवार सड़क पार करने लगा। बाइक सवार को बचाने के प्रयास में डॉ. रमाकांत ने तत्काल कार का रुख मोड़ा, लेकिन तेज गति के कारण कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार करते हुए सड़क के दूसरी ओर जा पहुंची।
आराध्या बेकरी के टीन शेड से जा टकराई कार
अनियंत्रित कार सीधे आराध्या बेकरी के सामने बने टीन शेड से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि दुकान के सामने लगे लोहे के पोल जड़ों से उखड़ गए और एक पोल करीब तीन फीट दूर जाकर गिरा। टकराने की आवाज सुनते ही आस-पास के लोग मौके पर दौड़े और तुरंत कार चालक को बाहर निकाला गया।
बाल-बाल बचे डॉक्टर, दुकानदार को भी नहीं हुआ नुकसान
गनीमत रही कि कार में बैठे डॉ. रमाकांत विश्वकर्मा को मामूली खरोंचें आईं, जबकि किसी राहगीर या दुकानदार को चोट नहीं पहुंची। आराध्या बेकरी के संचालक ने बताया कि हादसे के वक्त दुकान के बाहर कोई ग्राहक मौजूद नहीं था, वरना बड़ा नुकसान हो सकता था।
पुलिस ने किया मौका-मुआयना, CCTV फुटेज की जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही अमरपाटन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने कार चालक डॉ. रमाकांत विश्वकर्मा के बयान दर्ज किए और दुकान के नुकसान का प्रारंभिक आकलन किया। पुलिस ने मौके से फोटो और दस्तावेज एकत्रित किए तथा आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगालने की बात कही है।
स्थानीयों ने कहा — हादसे के वक्त भारी ट्रैफिक था
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के समय सतना चौराहा पर ट्रैफिक का दबाव काफी अधिक था। यदि कार विपरीत दिशा में आने वाले वाहनों से टकराती तो स्थिति गंभीर हो सकती थी। लोगों ने बताया कि चौराहे पर स्पीड ब्रेकर या संकेत बोर्ड न होने के कारण वाहन अक्सर तेज रफ्तार से गुजरते हैं।
बड़ा हादसा टलने पर राहत की सांस
इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली कि कार चालक और दुकानदार दोनों सुरक्षित हैं। वहीं, नगर के लोगों ने चौराहे पर ट्रैफिक पुलिस की नियमित मौजूदगी और स्पीड कंट्रोल उपायों की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसे हादसे दोबारा न हों।


