सागर/हर्षित पाण्डेय/खबर डिजिटल/ सागर शहर के कैंट मॉल में स्थित रॉयल स्पा सेंटर में रविवार रात सिविल लाइन पुलिस ने छापा मार कार्रवाई की। इस दौरान पुलिस को बड़ी मात्रा में आपत्तिजनक सामग्री बरामद हुई है। पुलिस ने मौके से दो युवतियों और एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है।
हिंदू जागरण मंच पहुंचा पहले
जानकारी के अनुसार,शहर के हिंदू जागरण मंच के सदस्यों को पिछले कई दिनों से सूचना मिल रही थी कि कैंट मॉल में स्थित एक स्पा सेंटर की आड़ में अनैतिक गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इसी सूचना के आधार पर रविवार रात हिंदू संगठन की टीम सिविल लाइन पुलिस के साथ स्पा सेंटर पहुंची।
कई आपत्तिजनक सामग्री बरामद
जांच के दौरान स्पा सेंटर में बड़ी मात्रा में आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई साथ कार्यरत युवतियों के पास से भी कुछ आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई। जिसके बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को हिरासत में लिया और थाने लाकर उनसे पूछताछ की जा रही है। वहीं पुलिस ने इस रॉयल स्पा सेंटर को बंद कराया है।
नेटवर्क के बारे में होगी जांच
साथ ही इस पूरे मामले को लेकर पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल हैं। फिलहाल पुलिस ने हिंदू जागरण मंच की शिकायत पर इस स्पा को बंद कराया है और मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है,बता दें कि स्पा सेंटर से 2 युवती सहित 1 युवक को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है।


