बैतूल/सचिन जैन/खबर डिजिटल/ आस्था, समर्पण और सामाजिक एकजुटता का अद्भुत संगम आज बैतूल की धरती पर देखने को मिला , जब पूर्व विधायक निलय विनोद डागा के नेतृत्व में हजारों श्रद्धालु मां ताप्ती चुनरी पदयात्रा के पवित्र मार्ग पर कदम रखा। किसानों और सर्वहारा वर्ग की खुशहाली के संकल्प के साथ यह यात्रा पूरे जिले की जनभावना का प्रतीक बन चुकी है। पूर्व विधायक निलय डागा के नेतृत्व में यह चुनरी पदयात्रा लगातार नौवें वर्ष आयोजित की जा रही है। नर्मदा परिक्रमा यात्रा से प्रेरित होकर शुरू हुई यह परंपरा आज जिले की धार्मिक चेतना और सामाजिक समरसता की पहचान बन गई है।
प्राचीन शिव मंदिर से प्रारंभ हुई चुनरी यात्रा
कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर आज 5 नवंबर बुधवार को यह ऐतिहासिक पदयात्रा सुबह 7 बजे कोठी बाजार लल्ली चौक स्थित प्राचीन शिव मंदिर से प्रारंभ हुई। यात्रा थाना चौक, टिकारी अखाड़ा चौक, कारगिल चौक, सदर ग्राम दनोरा, भडूस, महदगांव, डहरगांव, खेड़ी सांवलीगढ़ से होते हुए दोपहर 2 बजे ताप्ती घाट पहुंचेंगे। वहां सूर्य पुत्री जीवनदायिनी मां ताप्ती को चुनरी अर्पित की जाएगी और जिले की समृद्धि, खुशहाली एवं सुख-शांति के लिए सामूहिक प्रार्थना की जाएगी।
पू्र्व विधायक ने दी जानकारी
पूर्व विधायक निलय विनोद डागा ने बताया कि मां ताप्ती के चरणों में इस यात्रा का उद्देश्य जिले के किसानों और श्रमिक वर्ग की समृद्धि, कल्याण और शांति की कामना करना है, ताकि उनके जीवन में किसी तरह की बाधा ना आए।


