डिंडौरी/शैलेश नामदेव/खबर डिजिटल/ अमरकंटक-जबलपुर नेशनल हाईवे पर डिंडोरी जिले के कारोपानी कृष्ण मृग (काला हिरण) संरक्षित क्षेत्र में एक बार फिर तेज रफ्तार ने बेजुबान की जान ले ली। पिछले दिनों हाईवे पार करने की कोशिश कर रही मादा कृष्ण मृग को तेज गति से आ रही एक पिकअप वाहन ने कुचल दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि मृग ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
संरक्षित क्षेत्र में बढ़ता खतरा
कारोपानी क्षेत्र को दुर्लभ और विलुप्त होती कृष्ण मृग प्रजाति के संरक्षण के लिए विशेष रूप से घोषित किया गया है। इसके बावजूद नेशनल हाईवे से गुजरने वाले तेज रफ्तार वाहन वन्यजीवों के लिए लगातार खतरा बने हुए हैं। यह घटना इस बात का प्रमाण है कि संरक्षित क्षेत्र में सुरक्षा उपाय नाकाफी हैं।
ग्रामीणों का आक्रोश
घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखने को मिली। लोगों का कहना है कि यह पहली घटना नहीं है; इससे पहले भी कई बार तेज रफ्तार वाहनों की चपेट में आकर हिरणों की मौत हो चुकी है। ग्रामीणों ने जिम्मेदार विभागों से ठोस कदम उठाने की मांग की है।


