छिंदवाड़ा/तौफीक मिस्कीनी/खबर डिजिटल/ छिंदवाड़ा में स्वामी विवेकानंद जी की जन्म जयंती के अवसर पर पूरे देश में राष्ट्रीय युवा दिवस बड़े उत्साह, जोश और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। इसी क्रम में प्रधानमन्त्री कॉलेज ऑफ एक्सिलेंस शासकीय स्वशासी स्नातकोत्तर महाविद्यालय छिंदवाड़ा की एनसीसी यूनिट द्वारा विविध गतिविधियों का आयोजन किया गया।
युवाओं ने लगाई दौड़
युवा दिवस के अवसर पर एनसीसी कैडेट्स ने सुबह पी.जी. कॉलेज परिसर से खजरी चौक तथा खजरी चौक से पुनः पी जी कॉलेज तक लगभग 5 किलोमीटर की दौड़ लगाई गई,इस दौड़ का उद्देश्य स्वदेशी उत्पादों के उपयोग हेतु जिलेवासियों को प्रोत्साहित करना तथा युवाओं में शारीरिक फिटनेस, अनुशासन एवं राष्ट्रभक्ति की भावना को सुदृढ़ करना था। दौड़ में सभी कैडेट्स ने पूर्ण उत्साह के साथ सहभागिता की।दौड़ के उपरांत खजरी चौक में स्थित रानी लक्ष्मीबाई की प्रतिमा के आसपास एनसीसी कैडेट्स द्वारा श्रमदान एवं स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान सार्वजनिक स्थल की साफ-सफाई कर समाज को स्वच्छता का संदेश दिया गया। इसके पश्चात महाविद्यालय परिसर में योग अभ्यास एवं सूर्य नमस्कार का आयोजन किया गया, जिसमें कैडेट्स ने सक्रिय रूप से भाग लिया और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया।
स्वामी विवेकानंद के आदर्शों की बात
यह समस्त कार्यक्रम कॉलेज प्राचार्य डॉ वाय के शर्मा के मार्गदर्शन एवं एनसीसी ऑफिसर लेफ्टिनेंट डॉ. शेखर ब्रम्हने के नेतृत्व में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस अवसर पर कॉलेज प्राचार्य द्वारा संबोधित किया गया उन्होंने कैडेट्स को स्वामी विवेकानंद के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने, अनुशासन में रहने तथा राष्ट्र व समाज सेवा के लिए सदैव तत्पर रहने हेतु प्रेरित किया।कॉलेज योग एवं शारीरिक शिक्षा द्वारा कैडेट्स को योग अभ्यास के महत्व बताए गए |कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं में आत्मविश्वास, सेवा भावना एवं राष्ट्रीय चेतना का संचार किया गया। एनसीसी कैडेट्स द्वारा किया गया यह आयोजन स्वामी विवेकानंद जी के विचारों को आत्मसात करने की दिशा में एक प्रेरणादायक प्रयास रहा।


