छिंदवाड़ा/तौफीक मिस्कीनी/खबर डिजिटल/ शहर के वीआईपी रोड से एक खतरनाक वीडियो सामने आया है, जिसमें एक युवक जान जोखिम में डालकर तेज रफ्तार में बाइक चलाता दिखाई दे रहा है। बताया जा रहा है कि युवक शराब के नशे में था। यह घटना उस समय की है, जब सड़क पर आम नागरिकों की आवाजाही जारी थी।
मोबाइल फोन में वीडियो रिकॉर्ड
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सड़क से गुजर रहे राहगीरों ने युवक की लापरवाही को देखते हुए अपने मोबाइल फोन में वीडियो रिकॉर्ड कर लिया। हालांकि हैरानी की बात यह रही कि वीडियो बनाते रहे लोग युवक को रोकने का प्रयास नहीं कर सके।
बैरिकेट से टकराया युवक
वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि युवक सड़क के किनारे लगाए गए बैरिकेट से टकरा गया, जिसके बाद वह कुछ दूरी पर जाकर बाइक समेत गिर पड़ा। गनीमत रही कि उस समय कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। यदि कोई गंभीर दुर्घटना घटित होती, तो इसकी जिम्मेदारी किसकी होती—यह सवाल अब उठने लगा है।
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
फिलहाल यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मामले को लेकर लोगों में नाराजगी है और यातायात नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है। पुलिस द्वारा वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जांच किए जाने की संभावना जताई जा रही है।


