भोपाल/ खबर डिजिटल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंगलवार को राजधानी स्थित रविंद्र भवन में आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण एवं अभिनंदन समारोह में प्रदेश की विभिन्न विद्युत कंपनियों में चयनित 1060 कार्मिकों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दीप प्रज्वलन कर किया। इस अवसर पर उन्हें औषधीय पौधा भेंट कर स्वागत किया गया।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार ऊर्जा क्षेत्र को मजबूत बनाने के लिए लगातार कदम उठा रही है। नए कार्मिकों की नियुक्ति से विद्युत कंपनियों को नई ऊर्जा और गति मिलेगी। उन्होंने नियुक्त कार्मिकों से समर्पण और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
इस मौके पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विद्युत कंपनियों की उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी का शुभारंभ कर अवलोकन किया और कर्मचारियों एवं अधिकारियों के कार्यों की सराहना की।
समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने विद्युत कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधियों से भी भेंट की और उनकी समस्याओं एवं सुझावों को सुना।


