भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पुलिस मुख्यालय में आयोजित राज्य स्तरीय आईजी कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेशवासियों की सुरक्षा और कानून व्यवस्था के प्रति उनका विश्वास बनाए रखना पुलिस की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि पीड़ित लोगों के साथ संवेदनशील और सम्मानजनक व्यवहार किया जाए तथा उनकी समस्याओं पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। कॉन्फ्रेंस में पहुंचने पर मुख्यमंत्री को गार्ड ऑफ ऑनर देकर सम्मानित किया गया।
साइबर अपराध रोकने और जागरूकता बढ़ाने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने कहा कि साइबर अपराध तेजी से बढ़ रही चुनौती है। ऐसे मामलों की रोकथाम और लोगों को जागरूक करने के लिए पुलिस को विशेष अभियान चलाने चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को साइबर अपराधों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने और आम नागरिकों को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए।

सड़क हादसों, मानव तस्करी और महिला सुरक्षा पर जोर
डॉ. यादव ने सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए ठोस कदम उठाने की बात कही। इसके साथ ही मानव तस्करी पर नियंत्रण, महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को और मजबूत बनाने तथा संवेदनशील मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ पुलिस को सामाजिक सुरक्षा के मुद्दों पर भी विशेष ध्यान देना होगा।

न्यायालय के निर्देशों का सख्ती से पालन हो
मुख्यमंत्री ने धार्मिक स्थलों पर ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग को लेकर न्यायालयों द्वारा जारी निर्देशों का प्रभावी पालन सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कानून का पालन सभी के लिए समान रूप से होना चाहिए।
ये खबर भी पढ़ें..
