बैतूल/सचिन जैन/ खबर डिजिटल/ कोल माइन सेवा निवृत्त कर्मचारी संघ (एचएमएस) की मासिक बैठक गुरुवार 15 जनवरी को शहीद भवन, बैतूल में आयोजित की गई। बैठक में कोल पेंशनरों की वर्षो से लंबित मांगों पर गंभीर चर्चा हुई। पेंशन, महंगाई भत्ता और मेडिकल अलाउंस को लेकर सरकार और संबंधित विभागों की उदासीनता पर पेंशनरों ने गहरा रोष जताया।
पीपीओ नंबर जारी न होने से बढ़ी परेशानी
बैठक में बताया गया कि सीएमपीएफओ के कमिश्नर एवं सहायक कमिश्नर छिंदवाड़ा द्वारा नवंबर 2025 तक सभी कोल पेंशनरों के पीपीओ नंबर जारी करने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अब तक यह प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी। पेंशनधारियों के खातों के अनुसार बैंकों को पीपीओ नंबर भी उपलब्ध नहीं कराए गए हैं, जबकि धनबाद सीएमपीएफ कमिश्नर द्वारा बैंकों को निर्देश भेजे जा चुके हैं।
मांगों पर वर्षों से नहीं हुआ निर्णय
बैठक में पेंशन रिवीजन, पेंशन में महंगाई भत्ता और डोमेस्टिक मेडिकल अलाउंस की मांगों को दोहराया गया। बताया गया कि वर्ष 2019 से अब तक नई दिल्ली, धनबाद, कोलकाता और बनारस में कई बार धरना-प्रदर्शन किए गए। फरवरी 2025 में जंतर-मंतर पर भी प्रदर्शन कर भारत सरकार को ज्ञापन सौंपा गया, लेकिन अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं हुआ।
फरवरी-मार्च 2026 में बड़ा आंदोलन
ऑल इंडिया कोल पेंशनर्स एसोसिएशन के संयोजक पीके सिंह राठौड़ के आह्वान पर बैठक में निर्णय लिया गया कि फरवरी या मार्च 2026 में जंतर-मंतर, नई दिल्ली अथवा कोल मंत्रालय के समक्ष विशाल धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। बैठक में अध्यक्ष डीके साहू, महामंत्री डीआर झरबडे सहित बड़ी संख्या में एचएमएस परिवार बैतूल के सदस्य उपस्थित रहे।


