सीधी/बृजेश पाण्डेय/खबर डिजिटल/ संजय टाइगर रिजर्व एक बार फिर अपने समृद्ध वन्य जीवन के कारण चर्चा में है। दुबरी रेंज के घने जंगलों में जंगल सफारी के दौरान पर्यटकों को ऐसा दृश्य देखने को मिला, जिसने सभी को रोमांच और भावनाओं से भर दिया। T17 नामक मादा बाघिन को एक चीतल का शिकार कर उसे अपने जबड़ों में दबाए हुए अपने शावकों की ओर जाते हुए देखा गया। बाघिन का शांत, आत्मविश्वास से भरा व्यवहार और बच्चों के प्रति जिम्मेदारी ने इस दृश्य को बेहद खास बना दिया।
पर्यटकों के लिए अविस्मरणीय पल
इस दुर्लभ क्षण को देखकर पर्यटक कुछ पल के लिए स्तब्ध रह गए। कई लोगों ने इस नज़ारे को अपने कैमरों में कैद किया, जिसके बाद तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गईं।
प्रबंधन ने बताया दुर्लभ व्यवहार
रिजर्व प्रबंधन द्वारा बुधवार शाम इस वीडियो को आधिकारिक रूप से जारी किया गया। एसडीओ सुधीर मिश्रा ने बताया कि खुले जंगल में बाघिन का इस तरह शिकार को मुंह में दबाकर बच्चों तक ले जाना बेहद दुर्लभ व्यवहार है, जो स्वस्थ पारिस्थितिकी तंत्र का संकेत है। यह दृश्य न केवल पर्यटकों के लिए रोमांचक है, बल्कि वन्यजीव संरक्षण और जैव विविधता के महत्व को भी दर्शाता है।


