खबर डिजिटल न्यूज़ कटनी— मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत बरही खाद गोदाम पहुंचे कलेक्टर आशीष तिवारी के निरीक्षण में व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े हो गए। खाद उपलब्धता का जायजा लेने पहुंचे कलेक्टर ने किसानों से सीधे संवाद किया, जहां किसान फूलचंद चक्रवर्ती ने बारिश नहीं होने से खेती की चिंता जाहिर की।निरीक्षण के दौरान खाद गोदाम के निर्माण की गुणवत्ता पर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त की और संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने दो टूक कहा कि किसानों के हितों से जुड़े कार्यों में किसी भी तरह की अनियमितता, लापरवाही या फर्जीवाड़ा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होगी।कलेक्टर ने यह भी महसूस किया कि कई किसानों को डीएपी और एनपीके उर्वरकों के सही उपयोग की पर्याप्त जानकारी नहीं है। इस पर उन्होंने गांव-गांव जागरूकता अभियान चलाने, खाद गोदामों और सार्वजनिक स्थानों पर जानकारी संबंधी पोस्टर लगाने के निर्देश दिए, ताकि किसान फसल की जरूरत के अनुसार सही उर्वरक का चयन कर सकें।निरीक्षण के दौरान एसपी अभिनव विश्वकर्मा, जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर, डीएफओ गर्वित गंगवार, उपसंचालक कृषि खेलावन डेहरिया सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।कलेक्टर की सख्त टिप्पणियों ने साफ संकेत दिया है कि बरही खाद गोदाम की व्यवस्थाओं और निर्माण कार्यों पर अब प्रशासन की कड़ी नजर रहेगी। यदि जांच में किसी प्रकार की गड़बड़ी सामने आती है तो संबंधित जिम्मेदारों पर कार्रवाई तय मानी जा रही है।
कटनी से सौरभ श्रीवास्तव की रिपोर्ट मो. 9131308097
