बैतूल/सचिन जैन/खबर डिजिटल/ शहर के कॉलेज चौक क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण और सौंदर्यीकरण कार्य के चलते कॉलेज आने-जाने वाले विद्यार्थियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शिवसेना जिला अध्यक्ष विजेंद्र गोले ने बताया कि सड़क निर्माण के कारण ताप्ती क्लब मार्ग को बंद कर दिया गया है।
छात्रों की परेशानी
इस वजह से छात्र अब तहसील कार्यालय के सामने से होते हुए गायत्री मंदिर मार्ग से कॉलेज पहुंच रहे हैं। इस अतिरिक्त मार्ग से उन्हें प्रतिदिन लगभग 1 किलोमीटर का फेरा लगाना पड़ रहा है। विद्यार्थी बताते हैं कि अगर ताप्ती क्लब मार्ग से आवागमन की अनुमति दी जाती है, तो उन्हें और आम पैदल चलने वाले नागरिकों को बड़ी राहत मिलेगी।
मार्ग खुलने पर ट्रैफिक दबाव भी घटेगा
मार्ग खुलने से ट्रैफिक का दबाव भी कम होगा और समय की बचत भी होगी। विजेंद्र गोले ने इस समस्या को गंभीर बताते हुए कहा कि किसी भी विकास कार्य के दौरान आम जनता की सुविधा और आवश्यकताओं का ध्यान रखना चाहिए। उन्होंने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक बैतूल हेमंत खंडेलवाल से निवेदन किया है कि कॉलेज छात्रों के लिए ताप्ती क्लब मार्ग को खोलने की व्यवस्था की जाए, ताकि विद्यार्थी और राहगीर बिना परेशानी के आवागमन कर सकें।


