भोपाल, 14 अगस्त।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंगलवार को प्रदेश की नवीन एकीकृत आपातकालीन सेवा ‘डायल 112’ का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह सेवा न केवल पुलिस बल्कि स्वास्थ्य, अग्निशमन, महिला-बाल सुरक्षा, प्राकृतिक आपदा, सड़क दुर्घटना और साइबर अपराध जैसे सभी आपात मामलों में त्वरित मदद उपलब्ध कराएगी।
सीएम ने कहा, “पुलिस का होना समाज के लिए जरूरी है, और जब उसकी तत्परता और दक्षता बढ़ जाती है तो यह ‘सोने पर सुहागा’ हो जाता है। डायल 112 उसी दिशा में एक बड़ा कदम है।”
डायल 100 से डायल 112 तक का सफर
मुख्यमंत्री ने याद किया कि 2015 में शुरू हुई डायल 100 सेवा ने पूरे प्रदेश में पुलिसिंग की तस्वीर बदली। उन्होंने बताया कि इस सेवा के माध्यम से अब तक—
2,23,000 बुजुर्गों को सहायता
19,71,000 से अधिक महिलाओं की सुरक्षा
1,300 नवजात परित्यक्त शिशुओं के प्राणों की रक्षा
23,000 गुमशुदा बच्चों को परिवार से मिलाया गया
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि कहा कि डायल 100 की तरह डायल 112 भी जनता के भरोसे पर खरा उतरेगा और पूरे इकोसिस्टम में सुरक्षा का नया मानक स्थापित करेगा।
सुरक्षा पर कोई समझौता नहीं
सीएम मोहन यादव ने स्पष्ट किया कि सरकार ने इस परियोजना पर बजट में 50% की बढ़ोतरी की है, जिससे राशि 1084 करोड़ से बढ़ाकर 1500 करोड़ की गई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि “कुछ भी करो, सुरक्षा से समझौता मत करना।”
तकनीक और नवाचार का समावेश
मुख्यमंत्री ने बताया कि डायल 112 में हेल्थ, फायर, महिला-बाल सुरक्षा, आपदा प्रबंधन, रोड एक्सीडेंट रेस्क्यू, साइबर क्राइम—सभी सेवाएं एक नंबर से उपलब्ध होंगी। स्मार्ट सिटी के कैमरों, डिजिटल समन्वय और वीडियो कॉलिंग जैसी तकनीकों से जांच और प्रतिक्रिया समय में तेजी आएगी।
जवानों की सुविधाएं और स्थायी सुरक्षा द्वार
उन्होंने घोषणा की कि राजधानी सहित प्रमुख स्थानों पर स्थायी सुरक्षा द्वार (गेट) बनाए जाएंगे, जिनका नामकरण विक्रमादित्य द्वार और राजा भोज द्वार जैसे ऐतिहासिक व्यक्तित्वों पर होगा। इससे जवानों को गर्मी, ठंड और बारिश से बचाव मिलेगा और चेकिंग के दौरान दुर्घटनाओं में कमी आएगी।
14 अगस्त का ऐतिहासिक महत्व
इस अवसर पर सीएम ने 14 अगस्त को देश के विभाजन की त्रासदी को भी याद किया। उन्होंने कहा, “यह दिन हमें विभाजन के दर्द और अखंड भारत की भावना की याद दिलाता है। हमें इस पीड़ा को स्मरण रखते हुए देश की एकता और सुरक्षा के लिए संकल्प लेना चाहिए।”
प्रधानमंत्री और गृहमंत्री को धन्यवाद
सीएम ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह को धन्यवाद देते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में सुरक्षा व्यवस्था पहले से अधिक सशक्त हुई है। उन्होंने पुलिस जवानों और अधिकारियों को जनता की सेवा में सदैव तत्पर रहने का संकल्प दिलाया।


