Digvijay Singh Rajya Sabha : मध्यप्रदेश में होने वाले राज्यसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस के अंदर हलचल तेज हो गई है। जून में खाली होने वाली सीट को लेकर पार्टी नेताओं के नामों पर लगातार मंथन जारी है। इसी बीच कांग्रेस से राज्यसभा जाने के लिए पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह का नाम एक बार फिर सामने आने लगा है।
दिग्गी के नाम की चर्चा तेज
हालांकि, दिग्विजय सिंह पहले ही संकेत दे चुके हैं कि वे तीसरी बार राज्यसभा जाने के इच्छुक नहीं हैं। उन्होंने पार्टी नेतृत्व से अनुरोध किया था कि उनका कार्यकाल समाप्त होने के बाद उन्हें दोबारा उम्मीदवार न बनाया जाए, लेकिन इसके बावजूद हालिया बयानबाजी के बाद उनके नाम की चर्चा तेजी से होने लगी है।
पटवारी का बयान, दिग्विजय जाएंगे राज्यसभा!
वही दूसरी ओर, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने खुद को इस दौड़ से अलग कर लिया है। भोपाल में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने साफ कहा कि वे राज्यसभा नहीं जाना चाहते। उनका कहना है कि प्रदेश अध्यक्ष का पद जिम्मेदारी वाला पद होता है और इसमें पूरा समय देना जरूरी है। उन्होंने यह भी कहा कि उनके अलावा कोई भी नेता उम्मीदवार बन सकता है और अंतिम निर्णय पार्टी नेतृत्व ही करेगा। पटवारी ने यह भी संकेत दिए कि दिग्विजय सिंह का नाम संभावित उम्मीदवारों में शामिल हो सकता है, हालांकि इस पर अंतिम फैसला संगठन स्तर पर लिया जाएगा। पटवारी के बयान के बाद से ऐसा माना जाने लगा है कि क्या राज्यसभा के लिए चर्चा में बने कमलनाथ का नाम कट गया है।
कांग्रेस को डर
इधर, कांग्रेस के लिए चिंता की एक वजह हाल ही में अन्य राज्यों में हुई क्रॉस वोटिंग भी है। पार्टी को आशंका है कि ऐसी स्थिति मध्यप्रदेश में भी बन सकती है। साथ ही, सुप्रीम कोर्ट द्वारा विजयपुर विधायक मुकेश मल्होत्रा को राज्यसभा चुनाव में मतदान से वंचित रखने के फैसले ने भी कांग्रेस के समीकरण गड़बड़ा सकते है।


