डिंडोरी/शैलेश नामदेव/खबर डिजिटल/ डिंडोरी कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया के सख्त निर्देशों के बाद खाद्य विभाग की टीम ने गुरुवार को सुब्खार स्थित मारवाड़ी भोजनालय पर दबिश देकर होटल के अंदर से घरेलू उपयोग में होने वाले लाल रंग के सिलेंडरों का इस्तेमाल होना पाया गया। इसके बाद चारों सिलेंडरों को जब्त कर लिया गया है।
प्रशासन को मिल रही थी शिकायतें
कुछ दिनों से प्रशासन को शिकायतें मिल रही थी शहर में कई होटलों, ढाबा, चाय नाश्ता की दुकानों में घरेलू सिलेंडरों का धड़ल्ले से इस्तेमाल किया जा रहा है। इन्हीं बातों को ध्यान में रखते हुए खाद्य विभाग द्वारा छापामार कार्रवाई की गई है। सहायक आपूर्ति अधिकारी शमीम खान, कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी आकाश तुरकर के नेतृत्व में टीम ने वार्ड क्रमांक 1 में मेन रोड स्थित मारवाड़ी भोजनालय में व्यावसायिक गैस सिलेंडर की बजाय घरेलू उपयोग में आने वाले चार लाल रंग के सिलेंडर उपयोग करते पाए गए। जिन्हें मौके से पंचनामा बनाकर चारों सिलेंडरों को जप्त कर उन्हें डिंडोरी इंडेन गैस एजेंसी को सौंपा गया।
खाद्य विभाग ने दी जानकारी
खाद्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि प्रदाय एवं वितरण विनिमय आदेश 2000 के प्रावधानों के उल्लंघन के तहत उक्त कार्रवाई की गई है होटल संचालक अजय कुमार बघेल के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। इस कार्यवाही से शहर के अन्य होटलों और ढाबा संचालकों में अफरा-तफरी का माहौल देखा गया । व्यावसायिक उपयोग में घरेलू सिलेंडरों का उपयोग करना कानूनन प्रतिबंधित है ।और नियमों का उल्लंघन करने पर संचालकों का लाइसेंस भी निरस्त किया जा सकता है। खाद्य विभाग के अधिकारियों का कहना है, कि इस तरह की कार्यवाही आगे भी होती रहेगी जिससे सिलेंडरों की कालाबाजारीपर लगाम लगाई जा सके।


