डिंडौरी/शैलेश नामदेव/खबर डिजिटल/ नगर परिषद डिंडौरी द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) अंतर्गत गृह प्रवेश कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया, जिसने जरूरतमंद परिवारों के वर्षों पुराने पक्के मकान के सपने को साकार कर दिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में फग्गन सिंह कुलस्ते सांसद मंडला उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथियों के रूप में ओमकार सिंह मरकाम विधायक डिंडौरी, ओम प्रकाश धुर्वे विधायक शहपुरा, रूद्रेश परस्ते जिला पंचायत अध्यक्ष, नगर परिषद अध्यक्ष सुनीता सारस, उपाध्यक्ष सारिका नायक, जिला अध्यक्ष चमरू सिंह नेताम सहित बड़ी संख्या में पार्षद, जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
348 आवास स्वीकृत, 15 हितग्राहियों को मिली चाबी
नगर परिषद सीएमओ ने जानकारी देते हुए बताया कि शासन द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना के एएचपी घटक अंतर्गत कुल 348 आवास स्वीकृत किए गए हैं। इनमें से पूर्व में 150 आवास पात्र हितग्राहियों को वितरित किए जा चुके हैं। आज आयोजित गृह प्रवेश कार्यक्रम में रेवा परिसर, औरई में निर्मित कॉलोनी के 15 हितग्राहियों को आवंटन आदेश एवं उनके पक्के मकान की चाबी सौंपी गई।
“पक्का घर हर गरीब का सपना” – सांसद कुलस्ते
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों के लिए वरदान साबित हो रही है। उन्होंने कहा, “हर व्यक्ति का सपना होता है कि उसका स्वयं का पक्का घर हो, और यह योजना उसी सपने को साकार कर रही है।” सांसद ने नगर परिषद को निर्देश दिए कि योजना का लाभ केवल पात्र हितग्राहियों को ही मिले तथा शेष आवासों का निर्माण समय-सीमा में पूर्ण कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि लापरवाही बरतने वाली निर्माण एजेंसियों और जिम्मेदार अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
विधायक मरकाम की पहल से दूर हुई बड़ी बाधा
डिंडौरी विधायक ओमकार सिंह मरकाम ने जानकारी देते हुए बताया कि औरई रोड स्थित शासकीय भूमि पर आवास निर्माण में हाईवोल्टेज विद्युत लाइन बड़ी बाधा बन रही थी। इस समस्या के समाधान हेतु उन्होंने विधायक निधि से 15 लाख रुपये स्वीकृत कर विद्युत लाइन शिफ्टिंग करवाई, जिसके बाद यह महत्वपूर्ण परियोजना साकार हो सकी। उन्होंने कहा कि यह जिले की बड़ी उपलब्धि है कि केंद्र और राज्य सरकार के सहयोग से 348 आवास स्वीकृत हुए हैं।
हितग्राही महिला की भावुक बात ने छुआ दिल
कार्यक्रम के दौरान एक पात्र हितग्राही महिला ने मंच से भावुक होकर कहा कि “आज मैं बहुत खुश हूँ। मेरी उम्र 42 वर्ष है और आज शासन की इस योजना से मेरे पक्के मकान का सपना पूरा हो गया।” महिला की यह बात सुनकर पूरा पंडाल तालियों से गूंज उठा।
विकास के साथ सुविधाओं की मांग
विधायक मरकाम ने सांसद से श्मशान घाट पहुंच मार्ग, और रोड की नवीन कॉलोनी में विद्युत, शुद्ध पेयजल और नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग भी रखी। उन्होंने संबंधित विभागों से योजनाओं के पारदर्शी, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध क्रियान्वयन की अपील की।
खुशी, सम्मान और सुरक्षा का प्रतीक बना गृह प्रवेश
गृह प्रवेश कार्यक्रम के दौरान लाभान्वित हितग्राहियों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी। पक्के मकान की चाबी हाथ में लेकर उन्होंने शासन-प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया। यह कार्यक्रम न केवल एक योजना का क्रियान्वयन था, बल्कि गरीब परिवारों के सम्मान, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ाया गया एक मजबूत कदम भी साबित हुआ।


