डिंडौरी/शैलेश नामदेव/खबर डिजिटल/ सोशल मीडिया पर बढ़ रही विवादित पोस्टों ने एक बार फिर जिले में माहौल गरमा दिया है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की डिंडौरी जिला इकाई ने कोतवाली थाने में एक लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए इंस्टाग्राम पर प्रसारित एक कथित अपमानजनक पोस्ट के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की है।
‘शेख शहीक खान’के इंस्टा अकाउंट से की पोस्ट
शिकायतकर्ताओं के अनुसार 25 नवंबर 2025 को ‘शेख शहीक खान’ नामक इंस्टाग्राम अकाउंट से एक पोस्ट अपलोड की गई, जिसमें RSS नाम की टी-शर्ट पहने एक व्यक्ति पर कुत्ते की छवि पेशाब करती हुई दिखाई गई। संघ कार्यकर्ताओं ने इसे संगठन और करोड़ों स्वयंसेवकों की भावनाओं पर सीधा प्रहार बताया है।
संघ के पदाधिकारियों ने कहा
संघ से जुड़े सदस्यों का कहना है कि संबंधित अकाउंट धारक पूर्व में भी कई धार्मिक पोस्टों पर अनुचित टिप्पणियाँ कर चुका है, जो समाज में अनावश्यक तनाव और विवाद को जन्म दे सकती हैं। शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया कि इस प्रकार की सामग्री से दो समुदायों के बीच गलतफहमियाँ बढ़कर सामाजिक सौहार्द बिगड़ने की आशंका रहती है।
त्वरित कार्रवाई की मांग
कथित भड़काऊ पोस्ट की प्रति भी शिकायत के साथ संलग्न की गई है। शिकायतकर्ताओं ने जोर देकर कहा कि यदि ऐसी सामग्री पर त्वरित कार्रवाई नहीं हुई, तो जिले में किसी अप्रिय घटना की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने आरोपी के विरुद्ध कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस कर रही मामले की जांच
पुलिस ने आवेदन प्राप्त कर जांच प्रारंभ कर दी है। अधिकारी पूरे मामले का सत्यापन करने के बाद आवश्यक एवं विधिसम्मत कदम उठाए जाने की बात कह रहे हैं।
आम लोगों में भी नाराजगी
सोशल मीडिया पर बढ़ते विवादित कंटेंट से लोग भी नाराज हैं और सभी ने अपील की है कि शांति और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के लिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का उपयोग जिम्मेदारी के साथ किया जाए।


