नरसिंहपुर/खबर डिजिटल/ मध्यप्रदेश के नरसिंहपुर जिले की तेंदूखेड़ा विधानसभा के पूर्व विधायक और कारोबारी संजय शर्मा से जुड़े ठिकानों पर बुधवार सुबह प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम ने कार्रवाई शुरू की। दिल्ली से पहुंची केंद्रीय जांच एजेंसी की टीम ने तेंदूखेड़ा में राजमार्ग स्थित संजय शर्मा के कारोबारी कार्यालय में पहुंचकर दस्तावेजों और अन्य रिकॉर्ड की जांच शुरू की। इसके अलावा संजय शर्मा के करीबी बताए जा रहे रामलाल झरिया के तेंदूखेड़ा वार्ड क्रमांक-9 स्थित आवास पर भी ED की टीम के पहुंचने की जानकारी सामने आई है। दोनों स्थानों पर जांच के दौरान सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस बल तैनात किया गया है।
तड़के कई वाहनों से पहुंची ED की टीम
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक ED की टीम बुधवार तड़के करीब आधा दर्जन वाहनों के साथ तेंदूखेड़ा पहुंची। टीम ने राजमार्ग स्थित कारोबारी कार्यालय में दस्तावेज, वित्तीय रिकॉर्ड और अन्य संबंधित कागजात खंगालने शुरू किए। कार्रवाई शुरू होते ही क्षेत्र में हलचल बढ़ गई। फिलहाल जांच एजेंसी की ओर से यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि कार्रवाई किस विशेष मामले को लेकर की जा रही है। हालांकि, शुरुआती जानकारी में इसे संजय शर्मा से जुड़े कारोबारी मामले से जोड़कर देखा जा रहा है।
NHAI टोल मामले से जुड़ी कार्रवाई की चर्चा
सूत्रों के हवाले से यह जानकारी सामने आ रही है कि ED की यह कार्रवाई NHAI के टोल से जुड़े किसी मामले को लेकर हो सकती है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। जांच का वास्तविक कारण, मामला और कार्रवाई का दायरा ED अधिकारियों की ओर से जानकारी सामने आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
राहुल गांधी का इंदौर दौरा टला… अब 12 सितंबर की बजाय 19 सितंबर को आएंगे इंदौर
स्थानीय पुलिस को बाद में मिली जानकारी
ED की कार्रवाई की खबर सामने आने के बाद आसपास के इलाके में लोगों की आवाजाही बढ़ गई। हालांकि, जांच में किसी तरह की बाधा न हो, इसके लिए संबंधित परिसरों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी गई। सुआतला थाना पुलिस के मुताबिक केंद्रीय जांच एजेंसी की टीम के तेंदूखेड़ा पहुंचने की जानकारी मिली है। स्थानीय पुलिस की ओर से फिलहाल कार्रवाई के लिए अलग से कोई टीम नहीं भेजी गई है।
जांच पूरी होने के बाद सामने आएगी तस्वीर
ED की टीम दोनों परिसरों में उपलब्ध दस्तावेजों और कारोबारी रिकॉर्ड की जांच कर रही है। जांच के दौरान क्या जानकारी सामने आई और एजेंसी आगे क्या कार्रवाई करती है, इसे लेकर फिलहाल स्थिति स्पष्ट नहीं है। कार्रवाई पूरी होने और जांच एजेंसी की ओर से आधिकारिक जानकारी दिए जाने के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर साफ हो सकेगी।
BJP News: बीजेपी में एक बार फिर नियुक्तियों की बहार… संगठन स्तर पर पूरी कार्यकारिणी की घोषित
